पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

तबादलों में धांधली को लेकर हुडा दफ्तर पर किया प्रदर्शन

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फरीदाबाद। हुडा में तबादलों को लेकर घपले का आरोप लगाकर कर्मचारियों ने बुधवार को कार्यालय के अंदर प्रदर्शन किया। उन्होंने मुर्दाबाद के नारे लगाए। इसके बाद हुडा प्रशासक को ज्ञापन सौंपा। हुडा कर्मचारी यूनियन के सर्कल सचिव नरेश कुमार के अनुसार बुधवार को हुडा कार्यालय में सर्कल प्रधान बीरेंद्र बैनीवाल की अध्यक्षता में एक मीटिंग हुई। इसमें बीरेंद्र ने कहा कि हुडा में पिछले दिनों सैकड़ों कर्मचारियों के तबादले किए गए।
इन तबादलों में धांधली हुई है। हुडा में विधवा, विकलांग, महिला व बीमार कर्मचारियों का भी तबादला कर दिया गया। हुडा में ऐसे काफी कर्मचारी हैं जिन्हें एक ही सीट पर 20 साल हो गए। उनका तबादला नहीं किया गया। जबकि जो कर्मचारी एक-दो माह पहले आए थे, उनका दोबारा तबादला कर दिया गया। इससे यह प्रतीत होता है कि हुडा में तबादलों के नाम पर जमकर धांधली हुई है। इसके अलावा हुडा कर्मचारियों को प्रति वर्ष मिलने वाले 15 प्रतिशत परफॉरमेंस अवार्ड भी ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है।

हुडा में खाली पदों को नहीं भरा जा रहा है। हुडा कर्मचारियों को 5 प्रतिशत प्लॉट कोटा नहीं दिया जा रहा है। हीवो अपार्टमेंट की चौथी स्कीम को जारी नहीं किया गया। सर्विस रूल की खामियों को दूर नहीं किया गया। इस कारण हुडा कर्मचारियों में रोष है। इसलिए यूनियन के कर्मचारियों ने बुधवार को यहां दफ्तर में नारेबाजी कर धरना दिया।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है यदि 25 फरवरी से पहले मुख्य प्रशासक ने कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया तो 26 फरवरी से आंदोलन शुरू हो जाएगा। बुधवार को किए गए प्रदर्शन में प्रांतीय महासचिव विजयपाल सिंह, सर्कल चेयरमैन दिनेश सिंह, अजीत सिंह, मनीराम, रामपत चंदीला, राजू अधाना, नरपत सिंह, राजकुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।
(फोटो- फरीदाबाद- सेक्टर 12 हुडा कार्यालय के बाहर धरना देकर नारेबाजी करते कर्मचारी।)