पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

नामांकन का काम खत्म होते ही जस के तस हो गए अवैध पार्किंग के हालात

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फरीदाबाद। विधानसभा चुनाव सिर पर है, लेकिन प्रशासन के अधिकारी घोर लापरवाही बरत रहे हैं। सबसे अहम है लघु सचिवालय की सुरक्षा। भले ही पुलिस की तरफ से कुछ पुलिसकर्मी लघु सचिवालय के इंट्री गेट पर तैनात कर दिए हों, लेकिन अंदर व बाहर हो रही अवैध पार्किंग ने खतरा बढ़ा दिया है। लघु सचिवालय के अंदर दिनभर सैकड़ों गाडिय़ां खड़ी रहती हैं। बाहर सडक़ के दोनों तरफ वाहनों का काफिला लगा रहता है। इसमें ऐसे सभी वाहनों से वसूली धड़ल्ले से की जा रही है और अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं।

सेंट्रल थाने के बाहर भी जमघट

यातायात व्यवस्था को सुधारने का दावा करने वाली पुलिस की पोल थाने के सामने सडक़ पर खड़े होने वाहन खोल रहे हैं। इनमें सबसे बुरा हाल सेंट्रल थाने का है। सडक़ के दोनों तरफ ही नहीं, बल्कि सेंट्रल थाने के सामने वाहनों की रेलमपेल है। यहां सबसे अधिक वकीलों की गाडिय़ां खड़ी होती हैं। इस कारण सडक़ पर जाम की स्थिति बन जाती है। काफी देर तक वाहन रेंग-रेंग कर चलते हैं। कई बार जाम के कारण यहां झड़प हो जाती है।
नामांकन के समय उचित व्यवस्था

20 सितंबर से लेकर 27 सितंबर तक लघु सचिवालय के बाहर व्यवस्था ठीक थी। इन दिनों नामांकन के कारण बाहर सडक़ पर एक भी गाड़ी दिखाई नहीं दी। नामांकन समाप्त होने के तुरंत बाद सोमवार को फिर से लघु सचिवालय के चारों तरफ वाहनों का जमघट लग गया है। सडक़ पर खड़े रेहड़ी, खोमचे वाले भी काफी खड़े होते हैं। इतना ही नहीं इन सभी से वसूली की बात भी सामने आई है।
. फोटो- सेक्टर-12 लघु सचिवालय के गेट के बाहर खड़ी गाड़ी।