फरीदाबाद। विधानसभा चुनाव के संदर्भ में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने डीसी के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए निर्देश दिए। इसके बाद डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विजय सिंह दहिया ने रिटर्निंग व नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने चुनाव को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
चुनाव प्रक्रिया को लेकर दिए निर्देश
विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। लघु सचिवालय के सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से डीसी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को चुनाव प्रक्रिया की तैयारियों बारे में बताया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने रिटर्निंग व नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव प्रक्रिया को समयबद्ध व पारदर्शी रूप से संपन्न कराने की दिशा में सभी पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने चुनावी खर्चों का विवरण व आदर्श चुनाव आचार संहिता की पालना के संदर्भ में सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी: जिला निर्वाचन अधिकारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों, फ्लाइंग स्क्वायड, विभिन्न प्रकार की अनुमतियों के लिए सिंगल विंडो प्रणाली, सार्वजनिक संपत्तियों के विरूपण, मतदान केन्द्रों की स्थिति, आदर्श मतदान केन्द्रों की स्थापना, मतगणना केन्द्रों, संवेदनशील मतदान केन्द्रों, अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों, चुनाव के दौरान विभिन्न प्रकार की शिकायतों का 24 घंटे में निपटान, जनसभा स्थलों, पोस्टर-बैनर लगाने के स्थानों, चुनाव सामग्री का प्रबंध व समय पर वितरण, चुनावी कार्यों में प्रयुक्त होने वाले वाहनों का प्रबंध, ईवीएम का प्रबंध, चुनावी कर्मचारियों व अधिकारियों का प्रशिक्षण, मीडिया प्रबंध व अन्य कार्यों व प्रबंधों के बारे में रिटर्निंग अधिकारियों से पुष्टि करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान नगराधीश व उपजिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अंतिल, एनआईटी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी व एडीसी दिनेश यादव, पृथला विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी सतपाल सिंह, बड़खल विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के महाबीर प्रसाद, बल्लभगढ़ क्षेत्र के मुकुल कुमार, फरीदाबाद क्षेत्र के कुलबीर सिंह ढाका व तिगांव विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी नरेश पंकज व तहसीलदार (चुनाव) प्रह्लाद सिंह मौजूद थे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद बैठक में सभी रिटर्निंग अधिकारियों के अतिरिक्त नोडल अधिकारियों में परिवहन महाप्रबंधक बीएस कालीरमण, प्रादेशिक यातायात प्राधिकरण के सचिव सतबीर मान, उप पुलिस आयुक्त सुमित कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी राजीव अरोड़ा व अन्य मौजूद थे।
संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर कड़ी निगरानी: दहिया
विधानसभा चुनाव के दौरान संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर फ्लाइंग स्क्वाड, स्टेटिक सर्विलांस टीम तथा वीडियो विविंग टीम के माध्यम से विशेष निगरानी रखी जाएगी। कानून एवं व्यवस्था की स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस व अन्य बलों की टुकडिय़ां आवश्यकतानुसार तैनात की जाएंगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी विजय सिंह दहिया ने शनिवार को निगम सभागार में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह बात कही। उन्होंने कहा, जिले में मतदाताओं की कुल संख्या 12 लाख 22 हजार 90 है। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1113 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा, मतदान प्रक्रिया की नियमानुसार वीडियोग्राफी कराई जाएगी। पेड न्यूज की जांच करने तथा राजनीतिक दलों व उम्मीदवारों द्वारा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया पर विज्ञापन देने की अनुमति प्रदान करने के लिए मीडिया सर्टिफिकेशन एवं निगरानी समिति की कार्रवाई सदस्य सचिव जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी की देखरेख में अमल में लाई जाएगी। राजनीतिक दलों व उम्मीदवारों द्वारा रैली व जनसभा आयोजित करने के अलावा बैनर, पोस्टर व होर्डिंग लगाने के लिए उपयुक्त स्थान निर्धारित किए जाएंगे। हैंड बिल तथा बंटने वाली प्रचार सामग्री पर प्रकाशक का नाम, पता,
मोबाइल व दूरभाष नंबर तथा प्रकाशित की गई प्रतियों की संख्या का उल्लेख करना होगा। डीसी ने कहा, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा चुनाव के लिए 15 अक्टूबर को मतदान कराने की घोषणा से ही आदर्श चुनावी आचार संहिता लागू हो गई है। इसका जिले के हर नागरिक को पालन करना होगा। इस दौरान डीसी के साथ जिले के सभी छह विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों से संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों में एडीसी दिनेश यादव, फरीदाबाद के एसडीएम महाबीर प्रसाद, बल्लभगढ़ के एसडीएम मुकुल कुमार, हुडा के संपदा अधिकारी सतपाल सिंह, जिला राजस्व अधिकारी कुलबीर सिंह ढाका व जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेश पंकज के अलावा सचिव आरटीए सतबीर सिंह मान, नगराधीश गौरव अंतिल तथा डीसीपी सेन्ट्रल सुमित कुमार, चुनाव तहसीलदार प्रहलाद सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी राजीव अरोड़ा, सहायक जिला सूचना विज्ञान अधिकारी लक्ष्मी नारायण मित्तल सहित चुनाव प्रक्रिया से जुड़े जिले के अन्य अधिकारी मौजूद थे।
(फोटो- लघु सचिवालय में चुनावों के मद्देनजर अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते डीसी विजय सिंह दहिया।)