पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • मां बेटे को बंधक बना चाकू की नोक पर जेवरात और कैश लूटा

मां और छह साल के बेटे को बंधक बना चाकू की नोक पर जेवरात और कैश लूटा

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फरीदाबाद। डबुआ कॉलोनी में बिजली का मीटर चेक करने के बहाने दो युवक घर में घुसे। इसके बाद महिला और उसके 6 साल के बेटे को बंधक बनाकर करीब 25 हजार रुपए और लाखों रुपए की ज्वेलरी ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही सारन थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। उसने मौका मुआयना करने के बाद बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी हैं।

कैसे दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार डबुआ कॉलोनी के ई-ब्लाक निवासी ज्ञान प्रकाश की डबुआ मार्केट में कपड़े की दुकान है। वे गुरुवार को रोज की तरह दुकान पर थे। जबकि उनकी पत्नी चांदनी, छह साल का बेटा अनु और चार माह की बेटी परी घर पर थे। दोनों बच्चे सो रहे थे। इसी दौरान शाम करीब साढ़े सात बजे दो युवक बिजली का मीटर चेक करने के बहाने घर पर पहुंचे। इन्होंने दरवाजा खटखटाया। इस पर चांदनी गेट पर पहुंचीं। दोनों युवकों ने उनसे कहा कि हम बिजली निगम से आए हैं और बिजली का मीटर चेक करना है। इसके बाद चांदनी ने उन्हें मीटर चेक करने की अनुमति दे दी। दोनों युवक अंदर घुस गए। अंदर घुसते ही उन्होंने दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने चार माह की बेटी परी को उठा लिया और चाकू तान दिया।
बेटे को मारने की धमकी

बदमाशों ने धमकी दी यदि अलमारी की चाभी नहीं दी तो बेटी को मार देंगे। यह बात सुन चांदनी बदमाशों के सामने गिड़गिड़ाने लगीं। इसी दौरान उनका छह साल का बेटा अनु जग गया। इसके बाद बदमाशों ने चांदनी और उनके बेटे अनु को काबू कर दोनों के हाथ-पैर बांध दिए। साथ ही दोनों के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इसके बाद डर के कारण चांदनी ने चाभी दे दी। बदमाश करीब 25 हजार रुपए और लाखों रुपए लेकर रफूचक्कर हो गए। इसके बाद जैसे-तैसे चांदनी ने अपने को बंधनमुक्त किया। फिर बेटे अनु को मुक्त किया। इसके बाद वे चिल्लाती हुई घर क बाहर भागीं। उनके चिल्लाते ही आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने घटना की जनकारी तुरंत पुलिस को दी। साथ ही चांदनी के पति ज्ञान प्रकाश को घटना के बारे में जानकारी दी गई। इसके बाद वे आनन-फानन में तुरंत घर पहुंचे। इसके कुछ देर बाद ही घटना स्थल पर सारन थाने के एसएचओ तोताराम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मौका मुआयना कर बदमाशों को पकड़ने के लिए टीमें गठित कर दी हैं।
आसपास के ही हो सकते हैं बदमाश

पुलिस की प्राथमिक तफ्तीश में यह सामने आया है कि इस घटना में आसपास के लोगों का ही हाथ हो सकता है। क्योंकि उन्हें पता है कि शाम के समय ज्ञानप्रकाश घर पर नहीं दुकान पर रहते हैं। जबकि घर में और कोई बड़ा सदस्य नहीं है। इससे शाम को यह टाइम वारदात को अंजाम देने के लिए काफी माकूल है। इसीलिए उन्होंने शाम का समय चुना।