फरीदाबाद. एक घर में लंगर के लिए पैसे मांगने आए दो सरदार सम्मोहित कर सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। सेंट्रल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। भावना श्रीवास्तव पत्नी एसके श्रीवास्तव निवासी मकान नंबर-782 सेक्टर-15 ने सेंट्रल थाने में दी शिकायत में बताया कि 24 जनवरी की दोपहर करीब 12.30 बजे वह घर पर थी। तभी दो सरदार उनके घर में लंगर के लिए पैसे लेने आए। इसके बाद उन्होंने पानी मांगा।
घर के अंदर काफी दिनों से बीमार चल रहे उनके भाई को भी दोनों सरदार ने ठीक करने का आश्वासन दिया। इसके बाद सरदार उनको बातों में उलझाने लगे। उन्होंने उनसे कहा कि सोने की चेन अंगूठी को गुरूद्वारा के पानी में शुद्ध कर देंगे। इसके बाद यह दोनों अपने बीमार भाई को पहना देना, वह ठीक हो जाएगा।
उसने दोनों की बातों पर एतबार कर लिया और सोने की चेन, अंगूठी व 1100 रुपए दे दिए। इसके बाद दोनों उसको सम्मोहित कर चले गए। आधा घंटे बाद उनको होश आया। उसने दोनों की तलाश की लेकिन इनका कहीं पता नहीं लगा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। पुलिस मौके पर आई और छानबीन की।