पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

बीच सड़क पर फेंक दिया खून से लथपथ युवती को और हो गए रफूचक्कर

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

बल्लभगढ़. नेशनल हाइवे पर गुडईयर चौक के पास गुरुवार देर रात कार सवारों ने एक युवती को चाकू मारकर खून से लथपथ हालत में सड़क पर फेंक दिया और भाग निकले। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को अस्पताल में दाखिल कराया।जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

उसके पेट पर धारदार हथियार से वार के कई निशान थे। युवती की पहचान नहीं हो पाई है। उसके साथ रेप की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि पुलिस अभी इससे इंकार कर रही है। पुलिस का कहना है कि इसका पता पोस्टमार्टम से ही चल सकेगा।

सबसे पहले बाइक सवार ने देखा : सेक्टर 7 पुलिस का कहना है कि गुरुवार रात करीब साढ़े 11 बजे सूचना मिली कि एक युवती गुडईयर कंपनी के पास सड़क किनारे घायल हालत में पड़ी है।मौके पर पुलिस पहुंची तो प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि फरीदाबाद से बल्लभगढ़ की ओर तेज रफ्तार से जा रही एक कार में सवार कुछ लोगों ने युवती को फेंक दिया और भाग निकले।वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार ने यह सब देखा। खून से लथपथ लड़की को देख उसने अन्य लोगों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना के करीब 10 मिनट बाद ट्रैफिक पुलिस की एक ईआरवी वैन पहुंची। करीब सवा 12 बजे वैन ने घायल युवती को उठाया और सेक्टर 8 स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। युवती की गंभीर हालत को देखते हुए रात करीब 2 बजे डॉक्टरों ने उसका एक ऑपरेशन किया।डाक्टरों के मुताबिक युवती के पेट में किसी धारदार हथियार से वार किया गया था।

कार सवारों की तलाश : शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे युवती ने दम तोड़ दिया। सुबह से पुलिस अधिकारी उसके होश में आने का इंतजार कर रहे थे। करीब 25 वर्ष की युवती सफेद रंग का सूट सलवार पहने है और पैरों में धागा बंधा था।उसकी पहचान नहीं हो सकी है।युवती के साथ रेप की आशंका भी जताई जा रही है।पहचान न हो पाने के कारण यह नहीं पता चल सका है कि युवती कौन थी और कार सवारों ने उसे क्यों मारा।

सेक्टर 7 थाना प्रभारी मनोज कुमार का कहना है कि युवती की पहचान नहीं हो सकी। आसपास के शहरों की पुलिस को भी सूचित कर दिया गया है।

पुलिस के लिए चुनौती बनी वारदात

युवती की मौत हो जाने से यह मामला और पेचीदा हो गया है। युवती की पहचान न होने के कारण फिलहाल आरोपियों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। पुलिस पहले उसकी शिनाख्त के प्रयास कर रही है।