अंडर-16 लड़कों के जिलास्तरीय खेलों में एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, फुटबॉल, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, कबड्डी, बॉक्सिंग, कुश्ती, जूडो व हॉकी में गांवों एवं विभिन्न शिक्षण संस्थानों से सैकडों बच्चों ने भाग लिया।
फरीदाबाद। सेक्टर-12 खेल परिसर में राजीव गांधी खेल अभियान के तहत अंडर-16 लड़कों के जिलास्तरीय खेलों का आयोजन किया गया। इसमें एथलेटिक्स, वॉलीवॉल, फुटबॉल, हैंडबॉल, बॉस्केटबॉल, कबड्डी, बॉक्सिंग, कुश्ती, जूड़ो व हॉकी में गांवों एवं विभिन्न शिक्षण संस्थानों से सैकडों बच्चों ने भाग लिया। इसमें गांव के छोरों का दबदबा देखने को मिला।
प्रतियोगिता की शुरूआत एथलेटिक्स की 100मी. दौड़ से हुई। इसमें बडौली के मोहित ने गढ़खेड़ा के सचिन को पछाड़ पहला स्थान हासिल किया। 800मी. रेस में मोहना के गौरव, 3 हजार मी. रेस में नरियाला के सुमित पांचाल, 400मी. रेस में गढ़खेड़ा के सचिन, 1500मी. रेस में मोहना के गौरव अत्री प्रथम रहे। शॉटपुट में गढ़खेड़ा के सचिन, डिस्कस थ्रो में गढ़खेड़ा के दीपक सैनी, लंबीकूद में सदपुरी के तुषार ने बाजी मारी। वॉलीबॉल में मच्छगर ने जसाना को 15-8, 15-13 से हराकर, बॉस्केटबॉल में भनकपुर ने जाजरू को 16-12 से हराकर, हैंडबॉल में तिगांव ने गढ़खेड़ा को 16-12 से हराकर, कबड्डी में फरीदपुर ने तिलपत को 20-8 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
हॉकी के फाइनल में मोहना ने तिलपत की टीम को 2-1 से हराकर, फुटबॉल के फाइनल में टिकावली ने तिलपत को 8-4 से हराकर विजेता का ताज अपने नाम किया। बॉक्सिंग में भनकपुर और कुश्ती में फतेहपुर बिल्लौच का जलवा: बॉक्सिंग में 46किलो में भनकपुर के सौरव ने सौतई के करण को, 48किलो में भनकपुर के विकास ने सौतई के अभिषेक को, 50किलो में भनकपुर के कपिल ने भनकपुर के दीपक को, 52 किलो में कबूलपुर के आकाश ने पन्हैड़ा के राहुल को, 54किलो में भनकपुर के अभिषेक ने भनकपुर के अमन को, 57किलो में सरूरपुर के दलीप ने सागरपुर के सौरव को, 60किलो में पन्हैडा के अंकुश ने भनकपुर के अंकित दहिया को, 63किलो में पन्हैडा के अक्षय ने पन्हैडा के मंथन को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
जबकि 70किलो में मिर्जापुर के दीपक, 75किलो में पन्हैड़ा के दीपक, 80किलो में पन्हैडा के हर्षित और 80 से ऊपर भारवर्ग में भनकपुर के अंकुश प्रथम रहे। कुश्ती में 42किलो में फतेहपुर बिल्लौच के कृपाशंकर, 46किलो में गुरुकुल इंद्रप्रस्थ के आशीष, 50किलो में पहलादपुर के नवीन, 54किलो में फतेहपुर बिल्लौच के विजयदत्त, 58किलो में डीग के प्रताप, 63किलो में फतेहपुर बिल्लौच के मोहित, 85किलो में फतेहपुर बिल्लौच के मनीष प्रथम रहे।
जूडो में गढ़खेड़ा छाया: जूडो में गढ़खेड़ा के छोरे छाए रहे। 42किलो फाइनल में गढ़खेड़ा के मानव ने गढ़खेड़ा के विनय को, 46किलो में गढ़खेड़ा के मस्तराम ने सौरव रावत को, 50किलो में चंदावली के अजय ने गढ़खेड़ा के हरीश को, 55किलो में सौतई के ललित ने चंदावली के अजय सिंह को, 60किलो में गढ़खेड़ा के सचिन ने चंदावली के अजय को हराकर प्रथम स्थान हासिल किया। जिला खेल अधिकारी सत्यप्रकाश राणा ने बताया कि विजेता खिलाड़ियों को विभाग राज्य स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में अपने खर्च पर भेजेगा।
(फोटो- सेक्टर 12 खेल परिसर में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता मेंं भाग लेते प्रतिभागी।)