(घर में मिली नौकरानी की लाश के पास तहकीकात करते पुलिस अधिकारी।)
रिफाइनरी/पानीपत। रिफाइनरी टाउनशिप के एक क्वार्टर में काम करने वाली एक नौकरानी की गुरुवार को दिन-दिहाड़े तेजधार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के समय नौकरानी घर में अकेली थी। हत्यारे कौन थे अभी इसका खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस के मुताबिक पहली नजर में लूट के इरादे से घर में घुसकर हत्या करने का मामला सामने आया है। हत्या की सूचना मिलते ही डीएसपी जोगिंद्र राठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने भी जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
कानों से थी बालियां गायब
उत्तर प्रदेश के गांव गोंडा निवासी रीता देवी (32 वर्ष) टाउनशिप में रिफाइनरी में मैनेजर गौत्तम मिश्रा के क्वार्टर नंबर डी-1111 में सफाई का काम करती थी। गुरुवार को भी रोजमर्रा की तरह रीता क्वार्टर में सुबह आठ बजे सफाई करने के लिए पहुंची। क्वार्टर के मालिक गौतम मिश्रा और उनकी पत्नी अपने-अपने काम पर चले गए। रीता का पति राजू टाउनशिप में ही एक बुक डिपो पर नौकरी करता है। उसके बच्चे रोहित(12 वर्ष) व सुजीता (10 वर्ष) घरौंडा के निजी स्कूल में पढ़ते हैं।
जब रीता के दोनों बच्चे स्कूल से वापस आए तो घर में अपनी मां को न पाकर रिफाइनरी अधिकारी के क्वार्टर पर पहुंचे। बच्चे क्वार्टर में पहुंचकर देखा तो खून से सना रीता का शव रसोई में पड़ा था। गले व हाथों पर तेजधार हथियार से हमला करने के निशान थे और कानों की बालियां भी गायब थी।
इस साल 30 से अधिक हत्याएं
दिवाना गांव में कुछ दिन पहले लूट करते हुए बुजुर्ग महिला व घर में सफाई का कार्य करने वाली युवती की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने हत्या की इस गुत्थी को सुलझाया तो हत्यारोपी गांव का ही युवक मिला। इस साल 30 हत्याएं जिले में हो चुकी हैं। जनवरी में 5, फरवरी में 1, मार्च में 1, अप्रैल में 4, मई में 4, जून में 6, जुलाई में 6 और अगस्त में 7 हत्या के मामले दर्ज हुए हैं।
ब्लाइंड मर्डर की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस जुटी जांच में
अपनी मां के शव को देखकर बच्चे घबरा गए और दौड़ते हुए पिता के पास दुकान पर पहुंचे। रीता का पति घटना स्थल पर पहुंचा और क्वार्टर मालिक को पूरे मामले की सूचना दी। जानकारी मिलने के बाद गौत्तम मिश्रा मौके पर पहुंचे और वारदात की पूरी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पानीपत डीएसपी जोगिंद्र राठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया गया। टीम ने घटना स्थल से फिंगर प्रिंट और आवश्यक सबूत जुटाए। हत्या करने वाले कौन थे और वे किस नजरिए से मकान में पहुंचे अभी यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। मृतक महिला के कानों से गायब सोने की बालियां और घर से गायब सामान से लूट के लिए हत्या का मामला माना जा रहा है।
घर से लाखों का सामान भी गायब
क्वार्टर मालिक गौत्तम मिश्रा का कहना है कि वे रिफाइनरी में काम करता है और उनकी पत्नी एलआईसी में काम करती हैं। रीता पास के ही सर्वेंट क्वार्टर में अपने परिवार के साथ रहती थी और उनके क्वार्टर पर साफ सफाई का काम करती थी। रीता हर रोज की तरह घर में काम करने के लिए आई थी और उसके बाद हम ड्यूटी पर चले गए। बाद में रीता के पति का फोन आया तो हम मौके पर पहुंचे। घर में पूरा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने के बाद घर से काफी सामान भी गायब मिला। इसमें गहने, नकदी व कपड़े आदि शामिल हैं। पुलिस को आशंका है कि हत्या लूटपाट के इरादे से की गई है। पुलिस ने महिला के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पानीपत भेज दिया है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट और हत्या मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज
रिफाइनरी टाउनशिप के क्वार्टर नं. डी-1111 में एक महिला की हत्या के मामले के बारे में मुझे सूचना मिली थी। पुलिस व एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। महिला क्वार्टर में साफ-सफाई का काम करती थी। उसके गले व हाथों पर तेजधार हथियार से हमला करने के निशान हैं। प्राथमिक दृष्टि से हत्या लूटपाट के इरादे से की गई है। क्वार्टर के मालिक ने लाखों रुपए का सामान गायब होने की शिकायत दी है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए पानीपत भेज दिया है। अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
-जोगिंद्र राठी, डीएसपी, पानीपत
आगे की स्लाइड में देखिए घटनास्थल की तस्वीरें...