पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

100 करोड़ से गुलजार हुआ सर्राफा बाजार, शहनाई से गूंजा शहर

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फरीदाबाद. यूं तो अक्षय तृतीया हर बार सर्राफा बाजार के लिए खुशियां लेकर आती है। लेकिन इस बार कारोबारियों को इस पर्व का बेसब्री से इंतजार था। हिचकोले खा रहे सर्राफा बाजार को अक्षय तृतीया ने संजीवनी प्रदान की है। उम्मीद के मुताबिक जमकर बिक्री हुई।
सर्राफा कारोबारी संघ की माने तो यह आंकड़ा 100 करोड़ को छू गया है। इस दिन शादी-विवाह के लिए मुहूर्त की जरूरत नहीं होती है।ऐसे में सर्राफा कारोबारियों के लिए यह दिन बिक्री के लिहाज से काफी शुभ होता है।
सोने की कीमत में गिरावट से भी कारोबारी परेशान थे।गिरावट के चलते ही पिछले साल की तुलना में बड़ी संख्या में ग्राहक सर्राफा दुकानों तक आए। सर्राफा कारोबारियों ने इस मौके के भुनाने के लिए कारीगरों के मेहनताना पर 20 से 30 फीसदी की छूट भी दे रखी थी।
रेट से खिले चेहरे
सोने व चांदी के रेट में गिरावट से भी ग्राहकों के चेहरे खिले थे। पिछले साल 10 ग्राम सोने का रेट 30 हजार के पार था। इसलिए ग्राहकों ने भी कंजूसी बरती थी। इस बार इसमें 5 हजार के करीब गिरावट आई है। इससे ग्राहकों ने खरीदारी में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। सेक्टर 23ए में रहने वाली गृहिणी पुष्पा ने बताया कि सोने के सिक्के और चांदी के बर्तन का सेट लिया है। पिछले साल नाक की लौंग ली थी।
डाकघर में रौनक
शहर के मुख्य, सेक्टर 16ए, 7, बल्लभ गढ़ आदि डाकघरों में सोने के सिक्के की बिक्री हुई। यहां 0.5 से 50 ग्राम तक के सिक्के उपलब्ध थे। इस पर 7 फीसदी छूट भी दी गई। सिक्के के लिए ग्राहकों ने डाकघरों का भी रुख किया।
सोमवार को सोने व चांदी का रेट
सोना : 26750 प्रति 10 ग्राम
चांदी : 46000 प्रति किलो
शहनाई से गूंजा शहर
अक्षय तृतीया के अवसर पर सोमवार को शहर में हर तरफ शहनाई गूंज रही थी। युगल जोड़ों ने सात फेरे लेकर सात जन्मों तक एक-दूजे का साथ निभाने की कसमें खाईं। शादी का इतना जबर्दस्त साया था कि होटल, मैरिज पैलेस और गार्डन सभी फुल थे। हर तरफ बारात ही नजर आई।शादियों के कारण हर तरफ जाम ही जाम रहा इससे वाहन चालकों को काफी परेशान होना पड़ा।
हर तरफ भीड़-भाड़ शहर की लगभग सभी छोटी-बड़ी धर्मशाला, फार्म हाउस और छोटे-बड़े होटल बुक रहे। इस शुभ दिन पर लगभग सभी वेडिंग प्लेस में हाउस फुल की स्थिति रही। अक्षय तृतीया पर जिलेभर में शादियों की धूम रही। बड़ी संख्या में युगल जोड़ों ने एक-दूसरे के हाथ थामे। लोगों ने शुभ दिन से नए कार्यो की शुरुआत की। कुछ ने नए वाहन, प्लॉट व नए सामान की खरीदारी भी की।
जाम में जाम हुआ शहर : सोमवार को दिन में काफी शादियां रही। बैंडबाजों के साथ बारातें निकलीं। इससे सड़कों पर जाम लग गया।