फरीदाबाद। लक्कड़पुर में टीवी शो को देख कर इनाम के लालच में एक युवती हजारों रुपए गंवा बैठी। युवती को करीब 12 लाख रुपए का इनाम निकलने का झांसा देकर इनाम की औपचारिकताएं पूरी करने के नाम पर एक युवती व युवक ने अपने खाते में हजारों रुपए डलवा लिए। इनाम न मिलने पर युवती ने टीवी शो पेश करने वाले से बात की तो उसने कुछ भी देने से इंकार कर दिया। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई।
थाना सूरजकुंड पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लक्कड़पुर में रहने वाले रंजना कुमारी ने पुलिस को बताया कि वह कालेज में पढ़ती है। रंजना का कहना है कि मैक्स चैनल पर प्रसारित होने वाले एक लक्की ड्रा कार्यक्रम को वह देख रही थीं। इस कार्यक्रम में एक चित्र को पहचानने के लिए कहा गया था। उन्होंने चित्र को पहचानने के बाद शो के आयोजकों को फोन कर बता दिया। बाद में उसे पता चला कि चित्र की सही पहचान करने के लिए उन्हें 12 लाख सात हजार रुपए का इनाम दिया जा रहा है।
उसने इस शो से संबंधित सुमन कुमारी और मनीकांत से फोन पर संपर्क किया। दोनों ने उसे बताया कि इस इनाम की रकम को हासिल करने के लिए उसे उनके बैंक अकाउंट में 56 हजार रुपए डालने होंगे। यह रुपए इनाम की रकम के साथ जुड़ कर उसे मिल जाएंगे। झांसे में आकर रंजना ने उन दोनों के द्वारा बताए गए बैंक अकाउंट में यह रुपए जमा करा दिए। लेकिन इसके बाद उसे कोई इनाम नहीं दिया गया। परेशान होकर उसने सुमन कुमारी और मनीकांत से फोन पर संपर्क किया तो दोनों ने किसी भी इनाम को देने से इंकार कर दिया। रंजना ने ठगी की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।