पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंबल्लभगढ़. फतेहपुर बिल्लौच गांव में 26 अप्रैल की रात को तांत्रिक नानकचंद की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दूसरा फरार है। हत्या गांव के ही युवक ने अपने दोस्त के साथ मिलकर की थी। पकड़े गए युवक ने पूछताछ में बताया कि तांत्रिक के कारण उसकी बहन ने आत्महत्या की थी। इसी का बदला लेने के लिए उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी।
कैसे हुई थी तांत्रिक की हत्या : फतेहपुर बिल्लौच में रहने वाला 30 वर्षीय नानक एक पैर से कमजोर था। वह गांव के बाहर झोपड़ी में अकेला रहता था। वह तांत्रिक का काम करता था। 26 अप्रैल की रात को झोपड़ी में किसी ने आग लगा दी थी। गांव में रह रहे नानक के परिजनों ने जब आग देखी तो उन्होंने आग बुझाई थी। इसके बाद अंदर जाकर देखा तो तांत्रिक की किसी ने पहले धारदार हथियार से हत्या की और फिर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी थी। तांत्रिक का शव भी काफी जल गया था।
कॉल डिटेल से खुलासा
पुलिस को शुरूआत में हत्यारों के बारे में किसी प्रकार का कोई सुराग नहीं लगा। लेकिन पुलिस ने तांत्रिक के मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाई। इसके बाद उसमें से कुछ नंबरों की लिस्ट बनाकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस को गांव में ही रहने वाले विनोद नामक युवक पर शक हुआ तो उससे पूछताछ शुरू की। शुरू में उसने पुलिस से इस मामले में किसी भी प्रकार की संलिप्तता से इंकार किया।
जब पुलिस ने नानक की कॉल डिटेल दिखाई तो उसने सच्चाई उगल दी। पुलिस के अनुसार पूछताछ में विनोद ने बताया कि उसने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर नानक की हत्या की थी। आरोपी ने खुलासा किया कि करीब डेढ़-दो साल पहले उसकी बहन ने आग लगाकर आत्महत्या की थी। उसकी बहन नानक चंद से अपना इलाज करा रही थी। उसकी बहन ने नानक की तंत्र विद्याओं के कारण ही आत्महत्या की।
इसीलिए उसने नानक को मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि कुछ समय पहले उसके भाई ने भी आत्महत्या का प्रयास किया था। इसमें भी नानक चंद का ही हाथ था। थाना सदर प्रभारी अभिषेक के अनुसार आरोपी विनोद को रविवार की सुबह अदालत में पेश किया जाएगा। जबकि दूसरे आरोपी की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर छापामारी की जा रही है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.