करीब साढ़े 11 बजे पुलिस ने लाठी चार्ज कर लोगों को खदेड़ा। इसके बाद पुलिस ने छात्र गोपाल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बीके अस्पताल भेजा। पुलिस ने पथराव करने, सरकारी गाड़ी जलाने व अन्य धाराओं के तहत करीब 200 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सिटी थाना प्रभारी महाराज सिंह के अनुसार 9 लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
घर में सबसे छोटा था गोपाल
आदर्श नगर निवासी ओमप्रकाश के पांच बच्चों में से सबसे छोटा 14 साल का बेटा गोपाल एक निजी स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ता था। शनिवार को स्कूल की छुट्टी होने से वह सुबह करीब आठ बजे साइकिल से क्रिकेट खेलने जा रहा था। वह मलेरना रोड से गुजर रहा था। तभी अचानक तेज गति से आ रहे एक सेफ्टी टैंकर के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए गोपाल को अपनी चपेट में लिया। गोपाल की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस न पहुंचने पर भड़के लोग
घटना के बाद लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। लेकिन दुर्घटना के करीब पौन घंटा बीत जाने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इससे लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने टैंकर में आग लगा दी। इस बीच दो पुलिसकर्मी बाइक से मौके पर पहुंचे और फायरब्रिगेड को टैंकर में आग लगने की सूचना दी। इसका पता चलते ही लोग और भड़क गए। लोगों ने पुलिस कर्मियों पर पथराव करना शुरू कर दिया। इससे पुलिसकर्मी बाइक छोड़ कर भाग गए।
बाइक व दमकल गाड़ी जलाई
गुस्साए लोगों ने पुलिस कर्मियों की बाइक को आग लगा दी। इस बीच मौके पर फायरब्रिगेड की गाड़ी पहुंच गई। उसे भी लोगों ने आग लगा दी। इसकी सूचना मिलने पर एसीपी विष्णुदयाल, सिटी थाना प्रभारी महाराज सिंह, सदर थाना प्रभारी, आदर्श नगर चौकी तथा अग्रसेन चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों ने इन पर भी पथराव कर दिया। पुलिस ने कई बार घटना स्थल तक पहुंचने का प्रयास किया, लेकिन गुस्साए लोग उन पर पथराव कर लगातार खदेड़ते रहे। करीब दो घंटे तक पुलिस और लोगों के बीच संघर्ष चलता रहा।
9 लोगों को हिरासत में लिया
पुलिस ने आरोपी टैंकर चालक आदर्श नगर निवासी कर्मवीर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा पुलिस ने टीम पर पथराव करने, सरकारी गाड़ी जलाने व अन्य धाराओं के तहत करीब 200 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सिटी थाना प्रभारी महाराज सिंह के अनुसार 9 लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने किया लाठीचार्ज
लोगों के गुस्से को देखते हुए भारी पुलिस बल की मांग की गई। सुबह करीब साढ़े 11 बजे करीब 200 पुलिस कर्मी सेफ्टी उपकरणों से लैस होकर मौके पर पहुंचे। पुलिस बल ने पहुंचते ही लाठीचार्ज कर दिया। देखते ही देखते लोगों में भगदड़ मच गई। पुलिस ने भीड़़ को खदेड़ दिया। भीड को खदेड़ने के बाद पुलिस ने छात्र का शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल भेजा। दोपहर को पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
क्रिकेट खेलने का शौकीन था गोपाल
गोपाल पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। तीनों बड़ी बहनों का वह सबसे ज्यादा लाडला था। गोपाल की मां गुड्डी ने बताया कि गोपाल परिवार में सभी का सम्मान करता था। इसलिए सभी उसे बेहद चाहते थे। पढ़ाई में भी वह होशियार था। उसे क्रिकेट खेलने का शौक था। शनिवार सुबह जब वह क्रिकेट खेलने जाने की बात कहकर घर से निकला तो एक बार मन में अचानक कुछ खटका सा हुआ। गोपाल को रोकने की कोशिश भी की। लेकिन वह साइकिल लेकर निकल चुका था।
आगे की स्लाइड में देखिए तस्वीरें...