पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Performance And Marches Against Problems Hazkan

समस्याओं के खिलाफ हजकां का प्रदर्शन और जुलूस

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फरीदाबाद. बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं, विकास कार्यों में अनदेखी और बढ़ते भ्रष्टाचार के खिलाफ शुक्रवार को हरियाणा जनहित कांग्रेस (हजकां) ने शहर में जुलूस निकालकर एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान राज्यपाल के नाम तहसीलदार को ज्ञापन भी सौंपा गया।
प्रदर्शन वरिष्ठ हजकां नेता मूलचंद अग्रवाल के नेतृत्व में किया गया। सुबह अंबेडकर चौक स्थित सिटी पार्क में कार्यकर्ता एकत्र हुए। यहां से वे हाथों में झंडे लेकर जुलूस के रूप में शहर के मुख्य बाजारों से होकर गुजरे। इस दौरान कार्यकर्ता कांग्रेस सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।
सीएम पर विकास में भेदभाव का आरोप : इस मौके पर हजकां व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष तेजपाल गर्ग ने कहा कि कांग्रेस सरकार जन आकांक्षाओं पर पूरी तरह से असफल साबित हुई है। प्रदेश में व्यापारी वर्ग के साथ-साथ सभी लोग सरकार की उपेक्षा का शिकार हैं। सीएम हुड्डा पर आरोप लगाते हुए गर्ग ने कहा कि वे सिर्फ रोहतक व किलोई में ही विकास करा रहे हैं। जबकि दूसरे जिले विकास के मामले में उपेक्षित हैं।
इसके बावजूद हुड्डा प्रदेश को विकास के मामले में नंबर वन होने का दावा कर रहे हैं। हजकां नेता मूलचंद अग्रवाल ने कहा कि बल्लभगढ़ में समस्याओं का अंबार है। इससे जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों को न पीने का स्वच्छ पानी मिल रहा और न पर्याप्त बिजली। इसके अलावा सड़कें एवं सीवरेज व्यवस्था भी पूरी तरह से चरमराई हुई है। इसके बावजूद स्थानीय विधायक क्षेत्र को विकास के मामले में नंबर वन का दावा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद के लोगों को नौकरियां नहीं मिल रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि रोहतक के लोगों के यहां के राशनकार्ड बनवाकर उन्हें नौकरियां दी जा रही है। अग्रवाल ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा यदि उसने ज्ञापन में लिखित समस्याओं का निराकरण नहीं किया तो हजकां इससे बड़ा प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होगी। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए अग्रवाल ने कहा कि आगामी चुनाव में प्रदेश में हजकां-भाजपा गठबंधन की सरकार बनेगी और चौ. कुलदीप बिश्रोई मुख्यमंत्री बनकर प्रदेश को विकास की पटरी पर लाएंगे। इस मौके पर हजकां जिला अध्यक्ष ओमपाल टोंगर, युवा जिलाध्यक्ष पं. योगेश शर्मा, चुन्नू राजपूत, कृपाराम यादव, मनोज बिश्नोई, बलजीत बिश्नोई, रमेशचंद राजपूत, धीरज पंडित, विक्रांत सिंगला, महावीर गोयल, देवेंद्र पांचाल, सुंदर चौधरी, दीपक चौधरी, ठाकुर कुबेर सिंह, ठाकुर रवि सिंह, ठाकुर विक्रम सिंह, ठाकुर हरि सिंह, हरीश पांचाल, देवदत्त शर्मा, बंटी शर्मा, हरीश शर्मा, जगदीश पंडित, प्रदीप शर्मा, अजय वाल्मीकि, हरीश वाल्मीकि, अजय गोयल, मयंक कुमार, प्रदीप पांचाल, जगन कुमार, अमरजीत, ओमप्रकाश, किरण चौधरी, दयावती, नेमवती, सतेंद्र सहित बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी थे।