फरीदाबाद। हरियाणा राज्य फार्मेसी काउंसिल भ्रष्टाचार से मुक्त है। इसलिए अब किसी फार्मासिस्ट को चंडीगढ़ के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। फार्मासिस्टों की सुविधा अब जिले में ही उपलब्ध करा दी जाती है। रविवार को सेक्टर-16 स्थित पंजाबी भवन में हरियाणा राज्य फार्मेसी काउंसिल के वरिष्ठ उपप्रधान धनेश अदलक्खा ज्ञानवर्धन प्रोग्राम में जिले के 1652 फार्मासिस्ट को संबोधित कर रहे थे। मौके पर फार्मेसी में दवा रखने के ऐसे टिप्स भी बताए गए जिनसे दवाइयां खराब नहीं हो सकती और किसी की जान को खतरा भी नहीं रहता।
उपप्रधान धनेश अदलक्खा ने कहा कि अब काउंसिल में ईमानदारी से काम होता है और इसी का परिणाम है कि हरियाणा में दोबारा सबसे ज्यादा मतों से विजयी होकर धनेश अदलक्खा व रोहित खंडूजा आए हैं। इस प्रोग्राम में हरियाणा राज्य फार्मेसी काउंसिल के नव नियुक्त चेयरमैन केसी गोयल मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रो. यशपाल सिंगला ने केमिस्ट व फार्मासिस्टों को विभिन्न प्रकार की मेडिसन के बारे में ज्ञानवर्धन बातें बताई। उन्होंने बताया कि हमें कौन कौन सी मेडिसन को कितने-कितने तापमान पर रखना चाहिए।
इस मौके पर केमिस्ट एसोसिएशन के प्रधान श्रीचंद मंगला एवं महासचिव प्रकाश बाठला ने अतिथियों का स्वागत किया और अदलक्खा के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करने का वादा किया। इस अवसर पर फार्मासिस्टों ने धनेश अदलक्खा का साथ व सहयोग देने का वादा भी किया। कुछ फार्मासिस्टों ने कहा कि उनको अब काफी बेहतरीन सुविधाएं मिल रही हैं। चंडीगढ़ का लंबा चक्कर बच जाना ही उनके लिए बड़ी बात है। इस मौके पर हरियाणा राज्य फार्मेसी काउंसिल के वाइस चेयरमैन पंकज जैन, फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य वेद प्रकाश यादव, केसी खन्ना एक्जीक्यूटिव सदस्य, सीएमई कमेटी के चेयरमैन सोहन लाल कंसल मुख्य रूप से उपस्थित थे।
(फोटो- सेक्टर 16 स्थित पंजाबी भवन में हरियाणा राज्य फार्मेसी काउंसिल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रमाण पत्र वितरित करते काउंसिल के सदस्य।)