फरीदाबाद। डबुआ कॉलोनी ए ब्लॉक में दुकानदार पंकज को 24 नवंबर को गोली मारने वाले मामले में नगर निगम के वार्ड नंबर-10 के पार्षद व इनेलो विधायक नगेंद्र भड़ाना के चाचा महेश मणी ने साजिश रची थी। यह दावा व खुलासा सारन थाना पुलिस ने गुरुवार को किया।
पुलिस के मुताबिक इस मामले में अरेस्ट किए गए दो आरोपियों से पूछताछ के बाद पार्षद महेश मणी के खिलाफ साजिश रचने का (धारा 120बी) मामला दर्ज किया गया है। पार्षद के खिलाफ पुलिस ने अरेस्ट वारंट जारी करा लिए हैं। उनको कभी भी अरेस्ट किया जा सकता है।
इससे पहले इनेलो विधायक नगेंद्र भड़ाना पर कई आरोप लगे थे। उधर, इनेलो विधायक नगेंद्र भड़ाना ने सभी आरोप गलत व निराधार बताए हैं। इस बारे में पार्षद महेश मणी से बात नहीं हो पाई।
इलेक्शन में मिली थी धमकी
दुकानदार पंकज को विधानसभा चुनाव के दौरान भी धमकी दी गई थी। पुलिस ने उस समय इस धमकी को हल्के में लिया और मामला दर्ज नहीं हो सका। इस बात का खुलासा हो चुका है। सारन थाना पुलिस ने इलेक्शन के दौरान दी गई धमकी का मामला दुकानदार को गोली लगने के बाद किया।
धमकी देने वालों ने ही दुकानदार पंकज को गोली मारी थी। इस मामले में पुलिस तीन आरोपियों को अरेस्ट कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि यह हमला रंजिश के चलते किया गया था। हमले के बाद मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर परिजनों को सीपी दफ्तर पर जोरदार प्रदर्शन करना पड़ा था। इस कारण पुलिस ने दबाव में आकर आरोपियों को अरेस्ट किया था।
ऐसे मारी थी गोली
पंकज निवासी मकान नंबर-407, डबुआ कॉलोनी ने सारन थाने में दी शिकायत में बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान नरेश उर्फ नारा निवासी गांव नवादा कोह ने उनके घर पर आकर उनको जान से मार देने की धमकी दी थी। पंकज के अनुसार नरेश उससे रंजिश पाले हुए था। धमकी देने के बाद हमलावरों ने 24 नवंबर को पंकज को इनकी दुकान पर आकर गोली मार दी। एक गोली पंकज शर्मा की छाती व दूसरी गोली इनकी जांघ के ऊपर लगी। गोली की आवाज सुनकर परिजन व पड़ोसी दौड़े। तीनों आरोपियों के नाम अरुण, नितिन व नरेश हैं। तीनों नवादा कोह गांव के हैं।
^मेरा व मेरे चाचा पार्षद महेश मणी का इस मामले से कोई लेना देना नहीं है। बार-बार मुझ पर व मेरे चाचा पर यह आरोप लग रहे हैं। यह राजनीतिक षडयंत्र है। पुलिस बेवजह मुझे और चाचा को इस मामले में फंसा रही है। इस बारे में पुलिस कमिश्नर से बात की जाएगी।
नगेंद्र भड़ाना, विधायक, एनआईटी विधानसभा क्षेत्र।
^आरोपियों से पूछताछ में पता लगा कि इस गोलीकांड का षडयंत्र पार्षद महेश मणी ने रचा था। इस कारण महेश मणी पर धारा 120बी लगाई गई है। उनके खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी हो चुके हैं। उनको जल्द अरेस्ट किया जाएगा। इसकी पूरी तैयारी हो चुकी है।
अनिरुद्ध कुमार, चौकी इंचार्ज, डबुआ कॉलोनी।