फरीदाबाद। पोलियो अभियान के पहले दिन 57 प्रतिशत बच्चों ने जीवनरक्षक पोलियो की दो बूंद पी। रविवार को जिले के करीब 1360 बूथों पर शून्य से पांच वर्ष की आयु तक के बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाई गई। अभियान के तहत जिले के करीब तीन लाख 98 हजार 198 बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
रविवार को सुबह 8 बजे अभियान की शुरुआत की गई। पहले दिन विभाग ने संवेदनशील इलाकों, सरकारी स्वास्थ्य केंद्र और जगह-जगह करीब 1360 पोलियो बूथ पर नौनिहालों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाई। सुपरवाइजर, वैक्सीनेटर्स, आंगनवाड़ी और एएनएम वर्करों के कार्य का निरीक्षण करने के लिए स्वास्थ्य अधिकारी फील्ड में सक्रिय रहे। दूसरे दिन विभाग की टीमें डोर-टू-डोर बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाएंगी। जिला पोलियो व प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सुभाष भगत ने कहा कि पहले दिन 57 प्रतिशत बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाने में सफलता मिली है। स्वास्थ्य अधिकारियों की टीम वर्करों के काम का निरीक्षण करने के लिए फील्ड में सक्रिय रही।
दूसरे व तीसरे दिन स्वास्थ्य कर्मचारी डोर-टू-डोर बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाने पहुंचेंगे। जिससे कोई भी बच्चा पोलियो ड्रॉप्स पिए बगैर न छूटे। इसके अलावा कर्मचारियों के कार्यों का सुपरविजन करने के लिए स्वास्थ्य विभाग व विश्व स्वास्थ्य संगठन की टीम फील्ड में सक्रिय रहेंगी।
फोटो- बच्चे को पोलियो की दवाई पिलाते कर्मचारी।