फरीदाबाद। डीसी दफ्तर के बाहर बड़ोली गांव के प्रॉपर्टी डीलर द्वारा गोली मारकर सुसाइड करने के मामले की जांच अब एसीपी बल्लभगढ़ विष्णु दयाल को सौंपी गई है। मामला सेंट्रल जोन का होने के बावजूद परिजनों की तसल्ली व किसी फजीहत से बचने के लिए पुलिस ने ऐसा किया है। सोमवार को एसीपी सेंट्रल जयवीर राठी के साथ जबरदस्त हाथापाई हो गई थी, तभी से जांच उनसे लिए जाने की बात शुरू हो गई थी। एसीपी ने मंगलवार को जिस जगह को लेकर विवाद है, उसका निरीक्षण किया।
होगी पैमाइश :एसीपी विष्णु दयाल मंगलवार दोपहर को बाइपास रोड स्थित विवादित जगह पर पहुंचे। प्रॉपर्टी डीलर उस जगह को अपनी बता रहा था जबकि इरिगेशन व पुलिस इसे सरकारी बता रहे थे। इसी कारण यहां बने कमरों को दो-तीन बार तोड़ दिया गया था। इसी कारण डीलर को जान देनी पड़ी। मंगलवार को एसीपी ने पटवारियों को बुलाया। इसके बाद जमीन की पैमाइश व निरीक्षण शुरू किया गया। देखा जा रहा है कि इरिगेशन की जमीन कहां तक है और बड़ोली गांव की जमीन कहां है। इस बारे में इरिगेशन डिपार्टमेंट के अधिकारियों से भी बात हो रही है।
दो दिन में होगी रिपोर्ट तैयार
एसीपी ने बताया कि दो दिन में पूरी रिपोर्ट तैयार कर लेंगे। यह बात साफ हो जाएगी कि जिस जगह को लेकर विवाद है, वह डीलर की है या सरकारी। इसके लिए पटवारियों व इरिगेशन डिपार्टमेंट के अधिकारियों को आदेश दे दिए हैं। इरिगेशन डिपार्टमेंट को बताना होगा कि बाइपास रोड के किनारे जमीन उसकी कैसे है। इसलिए मौका मुआयना किया गया था। बुधवार शाम या गुरुवार को रिपोर्ट उनके पास होगी। मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।
दोष साबित हुआ तो गिरफ्तारी
एसीपी विष्णु दयाल ने स्पष्ट कर दिया है कि परिजनों की शिकायत पर सेंट्रल थाना एसएचओ मुकेश कुमार, इरिगेशन के एसडीओ शिव कुमार डागर सहित रामप्रकाश के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। अब मामले की गहनता से जांच की जा रही है। अगर यह जमीन सरकारी नहीं हुई तो आरोपियों को अरेस्ट किया जाएगा। यदि यह जमीन सरकारी हुई तो उसकी रिपोर्ट बनाकर पुलिस कमिश्नर के पास जाएगी। इसके बाद ही कोई निर्णय होगा। जांच प्रभावित न हो इसलिए एसएचओ सेंट्रल को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
क्या था मामला
सोमवार को डीसी आॅफिस के बाहर सुसाइड करने वाले बड़ोली निवासी वेदप्रकाश के भतीजे अजिंद्र चंदीला ने बताया कि उनके चाचा प्रॉपर्टी डीलर हैं। चाचा बाइपास रोड पर अपनी जमीन में कमरे बना रहे थे। इन कमरों को एक व्यक्ति ने शिकायत देकर इरिगेशन डिपार्टमेंट व पुलिस की मिलीभगत से तुड़वा दिया। चाचा ने कमरों को दोबारा बनाना शुरू किया। सेंट्रल थाना पुलिस ने उनके चाचा वेदप्रकाश चंदीला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। रविवार को फिर उनके चाचा के कमरों को एसएचओ सेंट्रल मुकेश कुमार ने तुड़वा दिया। एसएचओ ने उनके चाचा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लाॅकअप में मारपीट की थी। उनके चाचा सोमवार को डीसी ऑफिस में इस मामले की शिकायत देने गए थे। पुलिस ने जेई रामप्रकाश, इरिगेशन डिपार्टमेंट के एसडीओ शिव कुमार डागर व एसएचओ सेंट्रल मुकेश कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।