रैली के लिए जल्द स्थान निर्धारित होंगे
विधानसभा चुनाव के दौरान बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सभी प्रत्याशी केवल 7 जगह पोस्टर व होर्डिंग्स लगा सकेंगे। इनके अलावा कहीं भी पोस्टर और होर्डिंग्स लगाए जाएंगे तो आचार संहिता का उल्लंघन माना जाएगा। इसके साथ ही बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 5 जगह रैली स्थल बनाने की तैयारियां की जा रही हैं। यहां रैली करने के लिए प्रशासन से अनुमति लेनी होगी।
पोस्टर व होर्डिंग की भरमार
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर करीब एक माह से नेताओं ने पूरे शहर को होर्डिंग व विज्ञापन सामग्री से पाट रखा है। सार्वजनिक स्थानों के अलावा नेताओं ने सरकारी भवनों तक को नहीं बख्शा है। अब आचार संहिता लागू होने के बाद प्रशासन ने प्रचार सामाग्री को हटाने की कवायद शुरू कर दी है। रविवार की छुट्टी होने के बावजूद भी बल्लभगढ़ में नगर निगम ने शहर में जगह जगह लगे होर्डिंग को हटाने का अभियान चलाया।
आचार संहिता का सख्ती से होगा पालन
बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग आफिसर एवं बल्लभगढ़ के एसडीएम मुकुल कुमार ने कहा कि चुनाव आचार संहिता का सख्ती से पालन होगा। उन्होंने कहा, पोस्टर, होर्डिंग्स लगाने के लिए 7 जगह तय की गई हैं। जल्द ही रैलियों के लिए भी जगह तय कर दी जाएगी।
विधानसभा क्षेत्र में 4 से 5 जगह ऐसी रखी जाएंगी, जहां रैलियां की जा सकेंगी। रैली के लिए जिन जगह पर विचार किया जा रहा है उनमें सेक्टर-3 मदर डेयरी के सामने का मैदान, बल्लभगढ़ दशहरा मैदान, सेक्टर 22-23 के पास खाली मैदान व सेक्टर 64-65 शामिल हैं। उन्होंने कहा, शहर में लगे पोस्टर एवं बैनरों को हटाने का काम किया जा रहा है।
इन स्थानों पर लगा सकेंगे पोस्टर-होर्डिंग
प्रत्याशी शहर में जगह-जगह प्रचार सामग्री न लगाएं, इसके लिए बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कुछ जगह निर्धारित की गई हैं। इन स्थानों पर ही विज्ञापनों को लगाया जा सकेगा। क्षेत्र में ऐसी 7 जगह निर्धारित की गई हैं। मोहना रोड पर ऊंचा गांव जोहड़ के पास, सिटी पार्क, बल्लभगढ़ के पास, सेक्टर 3 की ग्रीन बेल्ट के साथ, तिगांव रोड पर पंडित पैलेस के सामने ग्रीन बेल्ट पर, एस्कॉर्ट रेलवे फैक्ट्री के साथ प्लॉट नंबर 112-114 ग्रीन बेल्ट पर, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सेक्टर 22- 23 के बीच रोड के खाली स्थान पर तथा सेक्टर-25 जल घर के पास प्रचार सामग्री लगाने के लिए जगह निर्धारित की गई है।
(फोटो- चुनाव के मद्देनजर निगम ने उतारे होर्डिंग।)