फरीदाबाद। संजय इंक्लेव कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय एक महिला के साथ घर में घुसकर रेप करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। महिला का जानकार आरोपी है। वह पानी पीने के बहाने घर आया और रेप किया। इस घटना के अलावा छेड़छाड़ के तीन मामले भी पुलिस ने दर्ज किए गए हैं।
घर में घुसकर रेप
सारन थाने के तहत संजय इंक्लेव कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय महिला ने पुलिस को बताया कि 7 फरवरी को वह घर में अकेली थी। तभी भगत सिंह उनके घर में आया। वह उनके घर आता-जाता रहता था। भगत सिंह ने घर में आकर उनसे एक गिलास पानी लाने को कहा। वह पानी लेने अंदर गईं। तभी वह भी अंदर आ गया और दरवाजे की कुंडी लगा दी। इसके बाद उसने रेप किया। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। भगत सिंह के जाने के बाद उन्होंने परिजनों को इसकी सूचना दी। साथ ही पुलिस को भी शिकायत दी। पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर केस दर्ज कर लिया है।
दोस्ती के लिए छेड़छाड़
भारत कॉलोनी निवासी एक युवती ने भूपानी थाने में दी शिकायत में बताया कि वह बीए की छात्रा है। उसे ददसिया गांव निवासी एक लड़का बबलू फोन पर एक माह से परेशान कर रहा है। वह उससे दोस्ती करना चाहता है लेकिन वह ऐसा नहीं चाहती है। उसने युवक को मना भी किया। लेकिन वह बाज नहीं आ रहा। युवक उसे बार-बार फोन पर अश्लील शब्द बोलता। जब वह कॉलेज जाती है तो युवक उनका पीछा करता। इस कारण वह काफी डरी हुई है। वह अब कॉलेज जाने से भी डरती है। युवती ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शराब पीकर छेड़छाड़
फतेहपुर तगा गांव में रहने वाली 40 वर्षीय एक महिला ने सेक्टर-55 थाने में दी शिकायत में बताया कि 8 फरवरी की शाम वह पशुओं का चारा लेने के लिए खेत पर गई थी। वहां उसे इस्लाम व सुबद्दीन मिले। दोनों ने शराब पी रखी थी। इस्लाम ने उन्हें पकड़ लिया। इस पर उसने शोर मचा दिया। इसके बाद उसकी जेठानी खेत पर आ गई। इसी दौरान दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए।
कहता था बेटी और अब गंदी नजर
एनआईटी निवासी एक युवती ने कोतवाली थाने में दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 22 जनवरी 2014 को दिल्ली निवासी एक युवक के साथ हुई थी। युवती का कहना है कि टाउन नंबर दो में ललित गेरा रहता है। इसका उनके मायके में पारिवारिक तौर पर आना जाना है। उसने उससे कभी बातचीत नहीं की। लेकिन ललित गेरा उसे बेटी कहता है। जब से उसकी शादी हुई है तब से ललित उसे परेशान करता है। गेरा उन्हें व उनके पति को फोन कर परेशान करता है। युवती का आरोप है कि वह उनसे शादी करने के लिए दबाव बना रहा है। ललित ने उनके पति को उसके खिलाफ भड़का रखा है। इससे उनकी शादीशुदा जिंदगी खराब हो गई। गेरा उसे फोन पर गलत मैसेज करता है और हर जगह उसका पीछा करता है। गेरा उसके ऊपर गलत नजर रखता है और उसके साथ गलत संबंध बनाने के लिए दबाव डालता है। उसने धमकी दी है कि वह उसके भाई व परिवार को मार देगा। इस कारण गेरा से उसे व उनके परिवार को खतरा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।