फरीदाबाद | जन्मदिन के अवसर पर सात साल की एक बच्ची के साथ पड़ोसी द्वारा रेप किए जाने का मामला सामने आया है। इस कुकृत्य में एक और व्यक्ति का नाम उजागर हुआ है। जब बच्ची के साथ यह अत्याचार हो रहा था तो दूसरा पहरेदारी पर बैठा था।
एसजीएम नगर थाने ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। एसजीएम नगर इलाके में रहने वाली एक महिला ने बताया कि उनकी सात साल की बेटी का 23 सितंबर को जन्मदिन था। उन्होंने बेटी का जन्मदिन मनाया और खाना खाकर रात को सो गए। देर रात करीब डेढ़ बजे उनकी बेटी रोने लगी। आवाज सुनकर वे जाग गए। उन्होंने बेटी से रोने का कारण पूछा तो उसने बताया कि साइड वाले कमरे मे रहने वाला अंकल साइकिल पर आया था और उसे चीज दिलाने के बहाने अपने कमरे में ले गया। इसके बाद उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसका नाम छोटेदास है।
वहां एक रेहड़ी वाला श्रीराम भी था। वह मकान के आंगन में अपनी रेहड़ी पर सब्जी रख रहा था और उसकी निगरानी कर रहा था। इसके बाद बच्ची का मेडिकल कराया गया। इसकी शिकायत पुलिस को दी। मामले की जांच महिला सेल की एक अधिकारी कर रही है।