फरीदाबाद। भारत सरकार के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन अपनी पूरी ऊर्जा के साथ जुटेगी। डॉक्टरों के माध्यम से जनता को जागरूक करने के लिए प्रदेश भर में विशेष अभियान चलाया जाएगा। लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा भ्रूण जांच जैसे अपराधों को बढ़ावा देने वाले डॉक्टरों के खिलाफ भी सख्ती से निपटा जाएगा। भ्रूण के लिंग परीक्षण के मामले में अगर कोई डॉक्टर दोषी पाया जाता है तो आईएमए उसकी सदस्यता रद्द कर देगी।
यह कहना था हरियाणा आईएमए के नव निर्वाचित प्रधान डॉ. अनिल गोयल का। डॉ. गोयल आईएमए हरियाणा की नई कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में अपने कार्यकाल में किए जाने वाले गतिविधियों की चर्चा कर रहे थे। इससे पहले निवर्तमान प्रधान डॉ. रमेश गोयल व कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईएमए के राष्ट्रीय महासचिव पद्मश्री डॉ. केके अग्रवाल ने डॉ. अनिल गोयल को मेडिलियन पहना कर विधिवत रूप से कार्यभार सौंपा।
इनको मिली जिम्मेदारी
इसके अलावा उपाध्यक्ष डा. एके अग्रवाल व डा मनीष प्रभाकर को नियुक्त किया गया। प्रदेश सचिव एसबी भट्टाचार्य व प्रदेश कोषाध्यक्ष डा. बीके शर्मा को भी पदभार सौंपा गया। पद्मश्री डा. एन के पांडे, डा. वेद बेनीवाल व डा. प्रवीण गर्ग को आईएमए हरियाणा का संरक्षक नियुक्त किया गया। इस अवसर पर डा. सुरेश अरोड़ा को चेयरमैन लीगल सेल, डा. जोगिंद्र धनकड़ चेयरमैन अनुशासन समिति, डा. डीके अरोड़ा, चेयरमैन खेल समिति, डा. आरसी अरोड़ा को चेयरमैन फाइनेंस कमेटी, डा.मनिंदर आहूजा चेयरपर्सन महिला प्रकोष्ठ, डा. सुरेश चंद्रा एडिटर हरियाणा मेडिकल जर्नल, डा. नरेंद्र तनेजा चेयरमैन आईएमए एएमएस, डा. आरएल गर्ग चेयरमैन आईएमए सीजीपी, डा. पीएस आहूजा सचिव आईएमए सीजीपी नियुक्त किया गया। इसी मौके पर डा. एसएल वर्मा, डा. राजन शर्मा, डा. अशोक तनेजा एवं डा. रमेश गोयल केंद्रीय प्रतिनिधि नियुक्त किए गए। समारोह में प्रदेश भर से आए लगभग 300 डॉक्टरों ने हिस्सा लिया। डा. अनिल ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से आईएमए हरियाणा के हर जिले में विशेष सदस्यता अभियान चलाएगी।