पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंबल्लभगढ़. आदर्श नगर चौकी के एक एएसआई पर बिजली के एक ठेकेदार ने वाहन चेकिंग के दौरान मारपीट करने का आरोप लगाया है। एएसआई के थप्पड़ मारने से ठेकेदार के कान का पर्दा फट गया। पीड़ित युवक को बीके अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
यादव कॉलोनी निवासी कन्हैया लाल भारद्वाज ने बताया कि वह कोठियों में बिजली फिटिंग करने का ठेका लेते हैं। सेक्टर दो के एक मकान में उनका काम चल रहा है। 9 मई की रात करीब 8 बजे वह अपने हेल्पर आनंद के साथ बाइक से घर लौट रहा था। सेक्टर-64 के निकट आदर्श नगर पुलिस चौकी के सामने पुलिस कर्मी वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
चेकिंग कर रहे एएसआई ने कन्हैया की बाइक रोक कागजात मांगे।आरोप है कि हेलमेट न होने पर एएसआई ने बदतमीजी करते हुए सौ रुपए का चालान काट दिया। कन्हैया का कहना है कि उन्होंने एएसआई से बदतमीजी न करने को कहा। आरोप है कि इस पर एएसआई ने उनके कान पर दो थप्पड़ मारे। इससे उनके कान में दर्द होने लगा। वह रात को ही सिविल अस्पताल पहुंचे।
वहां ईएनटी स्पेशलिस्ट न होने से उन्हें 10 मई को आने के लिए कहा गया। 10 मई को वह अस्पताल में चेक कराने पहुंचे। वहां डॉक्टर ने उनके कान का पर्दा फटा होने की जानकारी दी।डॉक्टर ने उन्हें बीके अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहां उन्हें दाखिल कर लिया गया। चौकी इंचार्ज कर्मवीर खटाना का कहना है कि उनकी जानकारी में ऐसी कोई घटना नहीं है। फिर भी वह आरोपी एएसआई से इस मामले में पूछताछ कर जांच करेंगे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.