पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • The Charge On The Owner's Son Attacking Councillor Workshop

वर्कशॉप मालिक पर हमला पार्षद के बेटे पर लगा आरोप

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फरीदाबाद. मुजेसर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक वर्कशाप संचालक पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप एक महिला पार्षद के बेटे व उसके साथियों पर लगा है। आरोप यह भी है कि यह हमला मंथली न देने के कारण हुआ है। मामले की शिकायत सोमवार को संचालक के परिजनों ने एसीपी मुजेसर दलबीर सिंह को दी।
एसीपी ने मुजेसर थाना एसएचओ को मामले की जांच कर एफआईआर दर्ज करने के लिए कहा। अब पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। परिजनों का कहना है कि वह तीन बार एसीपी मुजेसर के पास गए लेकिन पुलिस एफआईआर दर्ज करने में आनाकानी करती रही।
संजय कॉलोनी के रहने वाले रामपाल ने बताया कि उनके छोटे भाई रामलाल कुंडू की मुजेसर में वर्कशॉप है। 22 जनवरी को एक महिला पार्षद का बेटा अपने साथ 8-10 युवकों को लेकर रामलाल के पास वर्कशॉप में पहुंच गया। युवकों ने रामलाल से मंथली मांगी। मंथली न देने पर उन्होंने उनके भाई रामलाल पर हमला बोल दिया। इसके बाद रामलाल अपनी गाड़ी में बैठकर जब अपने घर की ओर जाने लगा तो रास्ते में हमलावर मिल गए। उन्होंने रामलाल को इनकी ही गाड़ी में डालकर बंधक बना दिया और मारपीट की।
इसके बाद हमलावर रामलाल को उनकी ही गाड़ी में बेहोशी की हालत में सेक्टर 8 बाइपास के पास छोड़कर चले गए। बाइपास रोड पर रातभर उनके भाई पड़े रहे। जब रामलाल घर नहीं आए तो उनको चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने मुजेसर थाना पुलिस को इस बारे में सूचना दी। थाने में गुमशुदगी की रपट दर्ज कर ली गई। 23 जनवरी की शाम को उनको पता चला कि रामलाल कुंडू बल्लभगढ़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती हैं।
इसके बाद वह तुरंत अस्पताल पहुंचे। वहां उनके भाई रामलाल ने घटना के बारे में बताया। रामपाल का कहना है कि इस मामले की शिकायत २३ जनवरी को पुलिस को दी गई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद तीन बार एसीपी मुजेसर के दफ्तर में पेश हुए। सोमवार को एसीपी ने मामले की जांच कराकर एफआईआर दर्ज कराने का आश्वासन दिया। रामपाल का कहना है कि इस मामले में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उनका भाई फिलहाल क्यूआरजी सेंट्रल अस्पताल में भर्ती है। एसीपी मुजेसर दलबीर सिंह का कहना है कि मामले की निष्पक्षता के साथ जांच की जाएगी।