बल्लभगढ़। सेक्टरों में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए कई सेक्टरों की आरडब्ल्यू भी अलर्ट हो गई हैं। चोरियों की वारदात से निपटने के लिए सेक्टर-8 में आरडब्ल्यूए ने सुरक्षा के बंदोबस्त करने की कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए आरडब्ल्यूए ने सेक्टर में आने वाले कबाडिय़ों, फेरीवालों और सफाई वालों को पहचान पत्र जारी किए हैं। सेक्टर के मदर डेयरी की तरफ वाले गेट को बंद किया गया है।
सेक्टर-8 में लगातार चोरियां हो रही हैं। कुछ दिन पहले दो परिवार थोड़ी देर के लिए बाहर गए। इस दौरान चोरों ने घर साफ कर दिया। इसी तरह अन्य घरों में भी चोरों ने वारदात की। इन घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए आरडब्ल्यूए ने कड़े कदम उठाने का फैसला लिया है। सबसे पहले मदर डेयरी वाली रोड को बंद कर दिया गया है। इस रोड पर हर समय भीड़ रहती थी। कोई भी व्यक्ति यहां से सेक्टर में आसानी से आ-जा सकता था। रात के समय अब केवल दो गेटों को छोड़कर सेक्टर के सभी मुख्य गेट बंद कर दिए जाते हैं।
इन दोनों गेटों पर भी हर समय चौकीदार बैठे रहते हैं। आरडब्ल्यूए के इस कदम के बाद चोरियों पर अंकुश लगा है। आरडल्यूए, सेक्टर-8 हॉस्पिटल लॉक के प्रधान पंकज सिंह ने बताया कि कई बार चोर फेरी वाले या कबाड़ी बनकर सेक्टर में घुस जाते हैं। लगातार हो रही घटनाओं के बाद कड़े कदम उठाने का फैसला लिया है। उन्होंने बताया कि यहां आने वाले कबाडिय़ों,फेरीवालों और सफाई वालों को पहचान पत्र जारी किए गए हैं। पहचान पत्र दिखाकर ही वह अंदर प्रवेश कर सकते हैं।
छात्राओं ने बताया स्कूल के बाहर खतरा
प्रोटेक्शन आफिसर ने किया छात्राओं को जागरूक, किसी भी मदद के लिए 1091 पर काॅल करने को कहा
एनआईटी के टाउन नंबर दो में स्थित कन्या सीनियर सेकंडरी स्कूल की छात्राओं ने कहा कि उनको स्कूल के बाहर निकलने के बाद काफी डर लगता है। स्कूल के बाहर सुरक्षा जरूर बढ़नी चाहिए। रास्ते में मनचले काफी परेशान करते हैं और कमेंट करते हैं। शुक्रवार को वूमेन सेफ्टी के अभियान के तहत प्रोटेक्शन ऑफिसर हेमा कौशिक स्कूल पहुंचीं।
हेमा कौशिक ने छात्राओं को जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया और कहा कि पुलिस उनकी सदैव मदद को तैयार है। केवल युवतियों को 1091 पर कॉल करना होगा। कौशिक ने कहा कि हमारा मकसद बच्चों को यौन शोषण के बारे में जागरूक करना है ताकि किसी बच्चे का भविष्य खराब न हो। इस अवसर पर लड़कियों के स्कूल की प्रिंसिपल बृजबाला शर्मा, शीला यादव व छात्रों के स्कूल के हेडमास्टर राजेश कुमार के अलावा वीरेंद्र कुमार चौकी इंचार्ज व रेपिड एक्शन फोर्स भी मौजूद थी।