फरीदाबाद. भाजयुमो ने पलवल टोल टैक्स बैरियर के विरोध में शुक्रवार को सेक्टर-१६ स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के क्षेत्रीय कार्यालय में ज्ञापन दिया। भाजयुमो के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष यशवीर डागर के नेतृत्व में यह ज्ञापन दिया गया। प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी मनोज राव ने आश्वासन दिया कि पलवल टोल टैक्स को हटाने का काम एक हफ्ते में शुरू कर दिया जाएगा। उक्त टोल बैरियर कोसी बॉर्डर पर शिफ्ट किया जाएगा। उन्होंने टोल टैक्स पर हो रही नाजायज वसूली पर भी शिकंजा कसने की मांग की।
इस पर राव ने कहा कि यदि गलत वसूली की शिकायत मिली तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। भाजपा वरिष्ठ नागरिक प्रकोष्ठ के चेयरमैन राधेश्याम शर्मा ने कहा कि गलत बनाए गए टोल बैरियर हर हाल में हटाए जाएं। यदि जल्द ही गलत बनाए गए टोल बैरियर नहीं हटाए गए तो भाजयुमो कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे। प्रतिनिधिमंडल में युवाध्यक्ष सोहनपाल छोकर, सरदार शेर सिंह, पंडित करमवीर शर्मा, साधु त्यागी, मुकेश बंचारी, अनुराग, अलंकार आदि शामिल थे।