बल्लभगढ़. तिगांव रोड पर प्राइमरी स्कूल के पास स्थित नाले से 27 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध हालात में बरामद हुआ है। सिटी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। मृतक के पास से ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला है जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस ने शव को शिनाख्त के लिए बीके अस्पताल में रखवा दिया है। तिगांव रोड पर प्राइमरी स्कूल के पास बड़ा नाला है। गुरुवार सुबह यहां से गुजरने वाले लोगों ने नाले में एक युवक को मृत अवस्था में पड़ा देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
इसके बाद अग्रसेन चौकी की पुलिस मौके पर पहुंच गई। उसने शव को नाले से बाहर निकलवाया। पुलिस ने आसपास के लोगों को मौके पर बुलाकर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। मामले की जांच कर रहे अग्रसेन चौकी के एएसआई विजय पाल के अनुसार मृतक के शरीर पर चोट आदि के निशान नहीं हैं। इसलिए अभी यह कहना मुश्किल है कि युवक की हत्या कर शव को नाले में फेंका गया है। लेकिन किसी ने युवक को नाले में धक्का दिया या फिर वह स्वयं नाले में गिरा यह जांच का विषय है।