फरीदाबाद। सर्दी में जल्द सूर्यास्त व देर से सूर्योदय को ध्यान में रखते हुए ग्रामीण उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए हरियाणा के बिजली वितरण निगमों ने 11 दिसंबर से बिजली आपूर्ति के समय में परिवर्तन का निर्णय लिया है। इसके तहत गांवों में तीन फेज में सप्लाई दी जाएगी। इससे ग्रामीणों व विद्यार्थियों को पढ़ाई-लिखाई में कोई परेशानी नहीं होगी। गुरुवार से यह शेड्यूल लागू कर दिया जाएगा।
तीन चरण में देंगे बिजली सप्लाई: बिजली निगम के प्रवक्ता के अनुसार हाल में डीसी व पुलिस अधीक्षकों की चंडीगढ़ में हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने बिजली आपूर्ति की समय सारिणी में परिवर्तन के निर्देश दिए थे। परिवर्तित समयानुसार ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को शाम 6 से रात 9 बजे तक और रात में 11 से अगले दिन सुबह 8 बजे तक बिजली आपूर्ति की जाएगी। गांवों में दिन के समय 2 से 4 बजे तक बिजली की आपूर्ति होगी। इस प्रकार ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को पहले की भांति रोज 14 घंटे बिजली मिलेगी। ग्रामीण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की समय सारिणी में परिवर्तन के कारण कृषि नलकूप उपभोक्ताओं के बिजली आपूर्ति के समय में भी संशोधन का निर्णय किया गया है। नलकूपों को दो समूहों में पहले की तरह रोज 8 घंटे बिजली की आपूर्ति होगी। पहले समूह को रात्रि 9 से सुबह 5 बजे तक और दूसरे समूह को सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक व शाम 4 से 6 बजे तक बिजली दी जाएगी।
विद्यार्थियों को नहीं होगी परेशानी: बिजली निगम के इस शेड्यूल से सबसे अधिक फायदा विद्यार्थियों को होगा। सर्दी के मौसम में सूर्यास्त जल्द हो जाता है। ऐसे में उसमें बिजली न आने से विद्यार्थियों को पढ़ाई-लिखाई में बहुत परेशानी आती है। ऐसे में चंडीगढ़ में हुई मीटिंग में गांव में दी जाने वाली सप्लाई का शेड्यूल बदल दिया है। इस समय सूर्यास्त 5.30 बजे ही हो जाता है। ऐसे में निगम ने गांव में शाम को छह से रात 9 बजे तक सप्लाई देने का निर्णय है। दूसरे चरण में रात 11 से सुबह 8 बजे तक बिजली सप्लाई दी जाएगी। इससे स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को समय पर तैयार होने में सुविधा होगी। इससे पहले अभी तक गांवों को शाम छह से सुबह छह बजे तक व दिन में दोपहर 12 से दो बजे तक बिजली सप्लाई दी जाती है। इन समूहों को दी जाने वाली बिजली के समय में हर तीन दिन के बाद परस्पर बदल दिया जाएगा। जिससे किसी भी समूह को लगातार रात या दिन में बिजली आपूर्ति के कारण कोई असुविधा न हो।