पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • लूट में नाकाम बदमाशों ने ट्रक चालक को मारी गोली, मौत

लूट करने आए नाकाम बदमाशों ने ट्रक चालक को मारी गोली

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
होडल (फरीदाबाद)। नई सब्जी मंडी के निकट मंगलवार देर रात लूट में नाकाम रहने पर बाइक सवार दो बदमाशों ने ट्रक चालक की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृत चालक के भाई के बयान पर अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।

चावल लेकर आया था चालक: जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात गांव राधानगरी कामा राजस्थान निवासी 29 वर्षीय जाकिर ट्रक में यूपी से चावल लेकर होडल आया था। उसने चावल खाली करने के बाद नई सब्जी मंडी के निकट अपनी गाड़ी का कांटा कराया और उसे साइड में खड़ा कर अपने भाई मुवीन के साथ आढ़त के पास भाड़ा लेने चला गया। जब वह भाई के साथ आढ़त से 28 हजार रुपए भाड़ा लेकर लौट रहा था तभी बाइक सवार दो बदमाश आए और लूटपाट का प्रयास करने लगे। जब जाकिर व उसके भाई मुवीन ने विरोध किया तो उनमें से एक बदमाश ने जाकिर को गोली मार दी। जाकिर को गोली लगते ही मुवीन ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद बदमाश बाइक से फरार हो गए। मुवीन का शोर सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी। लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं चला। सूचना मिलते ही डीएसपी दिनेश कुमार यादव भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पलवल के सरकारी अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मुवीन के बयान पर अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
तीन दिन में दूसरी वारदात
गौड़ोता चौक के निकट तीन दिन के अंदर लूटपाट के इरादे से गोली मारकर ट्रक चालक की हत्या करने की इस दूसरी घटना के बाद एक ओर जहां दुकानदारों व आढ़तियों में दहशत व्याप्त है वहीं दूसरी ओर पुलिस प्रशासन के प्रति भी रोष है। पुलिस की ढुलमुल कार्यशैली के चलते दुकानदार व आढ़ती अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। तीन दिन पहले इसी घटनास्थल से कुछ कदम की दूरी पर 6 दिसंबर की रात जब दुकानदार त्रिलोक चंद अपनी दुकान बंद कर बेटे राहुल के साथ घर लौट रहे थे तो बाइक सवार दो बदमाशों ने उनसे रुपए से भरा बैग लूटने का प्रयास किया था। जब उन्होंने बदमाशों का विरोध किया था तो उन्होंने गोली मार दी थी। गोली लगने से त्रिलोकचंद घायल हो गए थे। इसके बाद राहुल के शोर मचाने पर बदमाश हथियार को मौके पर छोड़कर फरार हो गए थे। सब्जी मंडी स्थित दुकानदार परसोत, प्रमोद गर्ग, आकाश, संदीप जैन आदि का कहना है कि यदि पहली घटना के बाद पुलिस गश्त बढ़ जाती तो शायद आज इस चालक की हत्या नहीं होती। सुरक्षा देने के मामले में पुलिस पूरी तरह से सुस्त है।
क्या कहना है पुलिस का

डीएसपी दिनेश कुमार यादव का कहना है कि बदमाशों काे पकड़ने के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे।