फरीदाबाद । प्रदेश की मनोहर सरकार अब तेज एक्शन में दिखेगी। खासकर आम आदमी को फायदा देने वाली नीतियां आम आदमी तक पहुंचाने के लिए सरकार और संगठन िमलकर प्रभावी तरीके से काम करेंगे। सूरजकुंड की वादियों में सोमवार को राजहंस होटल में सरकार व संगठन की अलग-अलग बैठक में सरकार के कामकाज को और अधिक प्रभावी व ग्राउंड स्तर तक सरकार के कामकाज को पहुंचाने के लिए करीब तीन घंटे मंथन चला। लंच से पहले सरकार ने अपने कामकाज का विश्लेषण किया और लंच के बाद प्रदेश संगठन को सरकार के साथ बेहतर तालमेल कर काम करने के तरीकों पर चर्चा हुई। सीएम मनोहर लाल खट्टर ने साफ कहा कि प्रदेश सरकार की गुड गवर्नेंस की नीति, आदर्श ग्राम योजना, महिला सुरक्षा पर सरकार के कदम का असर जमीन पर दिखना चाहिए। इसके लिए उन्होंने संगठन को सक्रिय रूप से निगाह रखने को कहा। यह भी तय हुआ कि सरकारी नीतियों को आम आदमी तक पहुंचाने में अगर कोई अफसर बाधा बनता है तो उसकी शिकायत सीधे सीएम तक पहुंचाई जाए, तत्काल एक्शन होगा।
सीएम ने विधायकों व मंत्रियों को लंच इसलिए दिया था कि सूरजकुंड मेले में एक दिन सीएम की तरफ से लंच दिए जाने की परंपरा है। पर जब सभी एक साथ बैठ रहे तो इसका फायदा उठाते हुए सरकार के 100 दिन के कामकाज पर अनौपचारिक चर्चा भी हो गई। इसके साथ ही आगे सरकार का कामकाज प्रभावी कैसे बनाएं, इस पर भी विधायक व मंत्रियों से सुझाव लिए गए और आत्मचिंतन भी किया गया कि आगे सरकार कैसे विद डिफरेंस की छवि को जमीन पर उतारे।
पार्टी के एक विधायक के अनुसार सीएम मनोहर लाल खट्टर ने विधायक व मंत्रियों की बैठक में विधायकों से यही पूछा कि मोदी सरकार का गुड गवर्नेंस वाला जो प्रयोग हरियाणा में किया गया है वो 100 दिन में कितना प्रभावी रहा।
इसके अलावा भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए सरकारी विभागों में ऑनलाइन सिस्टम को लागू करने का प्रयोग कितना प्रतिशत पात्र व्यक्ति तक पहुंचा है, यह भी पता लगाने को कहा। तहसील में रजिस्ट्रियों को ऑनलाइन करने का फायदा ग्रामीण स्तर तक अधिकतम पहुंचे, इसके लिए भी विधायकों व संगठन को सक्रिय होकर काम करने की सलाह दी गई। आदर्श ग्राम योजना को और कितना प्रभावी तरीके से लागू कर सकते हैं, इसके लिए भी सुझाव मांगे गए। पानीपत में प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को भी हर गांव में जमीनी स्तर पर उतारने के लिए विधायकों व मंत्रियों को संगठन के साथ टीम के रूप में काम करने की सलाह दी गई।
विधायकों के साथ बैठक में कुछ विधायकों ने सीएम से बीपीएल धारकों से जुड़ी समस्याओं पर जल्द कदम उठाने की मांग की। विधायकों ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के समय बीपीएल धारकों के सर्वे में जमकर धांधली हुई थी। आज भी जिनके पास गाड़ियां हैं और सारे संसाधन हैं उनका नाम बीपीएल सूची में है और जो गरीब हैं और वास्तविक हकदार हैं वे अपना नाम बीपीएल सूची में दर्ज कराने के लिए भटक रहे हैं। इस मांग पर सीएम ने जल्द ऐसी नीति बनाने की बात कही, जिससे गरीबों को उनका हक मिले और जो फर्जी रूप से सूचियों में शामिल हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
अभी 30 प्रतिशत लगाम लगी
भ्रष्टाचार पर अंकुश के लिए हुए आत्ममंथन में सरकार का मानना था कि अभी 30 प्रतिशत लगाम उनकी सरकार के गुड गवर्नेंस के तहत उठाए गए कदमों से लग चुकी है। भ्रष्टाचार को पूरी तरह खत्म करने के लिए आम आदमी तक पूरी तरह से सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सरकार व संगठन काम करेगा। सीएम एवं पार्टी संगठन के नेताओं का मानना था कि जो व्यवस्था सरकार ने बनाई है उसे अगर छ ोटे से छोटे आदमी तक पहुंचा दिया गया तो भ्रष्टाचार पर काफी अंकुश लग सकता है।
प्रदेश संगठन मजबूत होगा तो सरकार मजबूत हाेगी
लंच के बाद प्रदेश संगठन की बैठक हुई। इसमें मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश के प्रभारी डा. अनिल जैन, केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, प्रदेश सचिव संदीप जोशी सहित सरकार के सभी वरिष्ठ मंत्री मौजूद थे। करीब डेढ़ घंटे की बैठक में प्रदेश सरकार और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं से सीएम ने कहा कि सरकार ने जनहित में जो फैसले लिए हैं वे आम आदमी तक पहुंच रहे हैं या नहीं इस पर निगरानी की जिम्मेदारी आपकी है। उन्होंने कहा कि सरकार के जनकल्याण के फैसले अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे इसके लिए कार्यकर्ता जी-जान से जुटें। उन्होंने कहा अगर सरकार की नीतियों को आम आदमी तक पहुंचने में कोई अधिकारी रुकावट पैदा करता दिखे तो तत्काल मुझे शिकायत दें। सीएम के साथ कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी डा. जैन एवं प्रदेशाध्यक्ष बराला ने कहा कि संगठन मजबूत होगा तो सरकार मजबूत होगी और सरकार मजबूत होगी तो प्रदेश मजबूत होगा।
इसलिए अनुपस्थित थे ये मंत्री और विधायक
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का अंबाला में हर सोमवार खुला दरबार लगता है तो विज दरबार में आम आदमी की समस्याएं सुन रहे थे। प्रदेश के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु विदेश में थे। फरीदाबाद के विधायक विपुल गोयल बैंगलुरू में अपने परिवार के साथ एक पारिवारिक शादी समारोह में गए हुए थे। यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास हरिद्वार में थे। गुड़गांव के विधायक उमेश अग्रवाल की किसी केस में हाईकोर्ट में तारीख थी।
देश में फिलहाल मंत्रिमंडल विस्तार नहीं
फरीदाबाद |
दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद हरियाणा में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर लगाए जा रहे कयासों को सीएम मनोहर लाल खट्टर ने सोमवार को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि यदि मंत्रिमंडल विस्तार की आवश्यकता होगी तो ही किया जाएगा। उनके इस उत्तर से लग रहा है कि हरियाणा में मंत्रिमंडल का विस्तार अभी नहीं होगा। सीएम सोमवार को सूरजकुंड के राजहंस होटल में प्रदेश के भाजपा विधायकों के साथ मीटिंग के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। इस दौरान जब पत्रकारों ने उनसे मंत्रिमंडल विस्तार के संबंध में सवाल किया तो उन्होंने इसे खारिज कर दिया। दिल्ली विधानसभा चुनाव के बारे में एक्जिट पोल में आम आदमी पार्टी को बहुमत मिलने के सवाल पर सीएम ने कहा कि 10 फरवरी को परिणाम सामने आ जाएगा। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनेगी। इसके अलावा बिहार के सीएम जीतन राम मांझी के मुद्दे पर खट्टर ने कहा कि यह मामला जदयू का है। इस पर मैं कुछ नहीं कह सकता। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के शिरकत न करने पर सीएम ने कहा हो सकता है उन्हें कोई जरूरी काम रहा हो, इसलिए न आए हों। इस मौके पर उनके साथ हरियाणा भाजपा के प्रभारी अनिल जैन, केन्द्रीय सामाजिक एवं अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, हरियाणा के पर्यटन मंत्री रामबिलास शर्मा, हरियाणा के कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, शेष पेज
सामाजिक एवं अधिकारिता मंत्री कविता जैन, लोक निर्माण मंत्री नरवीर सिंह, हरियाणा के पर्यटन राज्यमंत्री कर्णदेव कंबोज, सामाजिक एवं अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्ण बेदी, अन्य मंत्री व विधायक मौजूद थे।