पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

दुकानदार से मारपीट के विरोध में एसीपी से मिले लोग, पूरे मामले की जांच कराएंगे

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फरीदाबाद। चोरी का झूठा आरोप लगाकर पुलिस द्वारा दुकानदार से की गई मारपीट के विरोध में गुरुवार को लोग एसीपी रमेश हुड्डा से मिले और न्याय की गुहार लगाई। इस दौरान पीड़ित के भाई देवेन्द्र गुप्ता ने एसीपी को बताया कि वह बसेलवा कालोनी में रहते हैं और उनका भाई बिमल कुमार कालोनी में ही परचून की दुकान चलाता है। बुधवार को उसकी दुकान पर दो लड़कियां सामान लेने आई थीं। सामान लेने के बाद वह चली गईं। कुछ देर बाद वह वापस आईं और उन्होंने कहा कि उनका मोबाइल दुकान पर रह गया है।
इस पर उनके भाई बिमल ने कहा कि दुकान पर कोई मोबाइल नहीं है इस पर दोनों लड़कियों ने मामले की शिकायत पुलिस से कर दी। पुलिस ने बिना कोई जांच किए उनके भाई को थाने ले गई और उसके साथ बुरी तरह मारपीट की। बाद में क्षेत्र के मौजिज लोगों के कहने पर पुलिस ने उसे छोड़ दिया। देवेन्द्र गुप्ता ने एसीपी को बताया कि उनके भाई को पुलिस ने इस कदर पीटा है कि उसे उपचार के लिए सर्वोदय अस्पताल में दाखिल कराया गया है।

इस मामले में दोषी पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर गुरुवार को वरिष्ठ इनेलो नेता विकास चौधरी के नेतृत्व में लोग एसीपी से मिले और उन्हें पूरी घटना के बारे में बताया। उन्होंने इस मामले में दोषी पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग करते हुए पीड़ित का मेडिकल इलाज का खर्च भी प्रशासन द्वारा दिए जाने की मांग की।
इस दौरान एसीपी रमेश हुड्डा ने आश्वासन दिया कि वह पूरे मामले की जांच कराएंगे और दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करेंगे। इस मौके पर प्रवेश मेहता, सुभाष चौधरी, सुरेंद्र चौधरी, सुभाष पांचाल, अशोक बत्रा, हरिअेाम अग्रवाल, संदीप तंवर, महेश आर्य, प्रवीन वाल्मीकि, अशफाक खान, संदीप गर्ग, रमेश जांगड़ा, ब्रह्मप्रकाश गोयल, धर्मबीर सहित काफी लोग मौजूद थे।
(फोटो- ओल्ड फरीदाबाद में व्यापारी के साथ हुई मारपीट को लेकर एसीपी को ज्ञापन सौंपते दुकानदार।)