फरीदाबाद। बाइपास सिक्स लेन रोड के साथ अब जल्द साइकिल ट्रैक बनाए जाने की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों के दावे के अनुसार यह साइकिल ट्रैक वर्ल्ड क्लास बनाया जाएगा। जिले में ऐसा सुंदर व बेहतरीन ट्रैक पहली बार बनाया जाएगा।
इससे पहले कहीं भी साइकिल ट्रैक नहीं बनाया गया है। हुडा प्रशासक पीसी मीणा ने इस योजना को तैयार करा दिया है। मुख्य प्रशासक बृजेंद्र सिंह से इस योजना के बारे में सहमति भी ले ली है। इस योजना पर अब साइकिल ट्रैक बनाने वाले स्पेशल इंजीनियर से संपर्क किया जा रहा है, ताकि कोई चूक न हो। इस योजना से बाइपास रोड किनारे रहने वाले हजारों सैकड़ों वासियों को बड़ी राहत मिलेगी। नहरपार ग्रेटर फरीदाबाद में 15 सेक्टर डेवलप हो रहे हैं।
क्यों बनाई योजना : बाइपास सिक्स लेन रोड को शहर की लाइफ लाइन है। यह रोड सेक्टर-37 से लेकर सेक्टर-59 तक 26 किलोमीटर लंबी है। बदरपुर बॉर्डर से इस रोड पर आकर सेक्टर-59 में आराम से बगैर जाम के निकला जा सकता है। इतना ही नहीं, इस रोड के किनारे बसे सेक्टर व नहरपार डेवलप हो रहे ग्रेटर फरीदाबाद वासियों को बड़ी राहत मिली है। इस रोड को सिक्स लेन तो बना दिया लेकिन अब परेशानी यह हो रही है कि यहां वाहन काफी तेज गति से दौड़ते हैं और साइकिल सवार व पैदल चलने वालों को काफी दिक्कतें आती हैं। हाल में हुडा प्रशासक ने बाइपास रोड का दौरा किया था। वहां साइकिल ट्रैक की जरूरत महसूस की। इसके बाद हुडा प्रशासक ने इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों से बात की। इसके बाद मुख्य प्रशासक बृजेंद्र सिंह से इस योजना के बारे में सहमति दर्ज की।
कैसा होगा साइकिल ट्रैक : यह साइकिल ट्रैक बदरपुर बॉर्डर से सेक्टर-59 की तरफ दाहिनी तरफ ग्रीनबेल्ट पर बनाया जाएगा। बाइपास रोड 26 किलोमीटर लंबी है। फिलहाल इस पर 19 किलोमीटर लंबा साइकिल ट्रैक बनाया जाएगा। बाकी जमीन पर अवैध निर्माण व अतिक्रमण बताया जा रहा है। इस साइकिल ट्रैक की चौड़ाई करीब ढ़ाई मीटर होगी। यह बाइपास रोड से एक फुट ऊंचा होगा ताकि सडक़ से कोई वाहन इस पर न चढ़ सके।
इंजीनियरों के अनुसार जहां साइकिल ट्रैक नहीं बनेगा, वहां इसको सड़क की तरफ मोड दिया जाएगा और फिर आगे ट्रैक बना दिया जाएगा। यह ट्रैक रंग-बिरंगी टायलों से बनाया जाएगा। फिलहाल ट्रैक का सर्वे पूरा हो चुका है। इस योजना के बजट के बारे में मीटिंग चल रही है।
अब योजना में शामिल होगा ट्रैक हुडा प्रशासक पीसी मीणा ने अब इंजीनियरिंग विंग को आदेश दिए हैं कि अब साइकिल ट्रैक को हुडा की योजना में शामिल किया जाएगा। जहां नए रोड बनेंगे, वहां इस ट्रैक का जरूर प्रोविजन रखा जाएगा। साइकिल ट्रैक को योजना में शामिल करने के लिए मुख्यालय से मंजूरी ले ली है।
'मेरी कोशिश है कि इस ट्रैक को स्पेशल इंजीनियर की सलाह लेकर बनवाया जाए। हमारे यहां हुडा में साइकिल ट्रैक स्पेशलिस्ट नहीं हैं। इसलिए ऐसे स्पेशलिस्ट से बात की जा रही हैं। पूरी योजना तैयार करने के बाद इसका बजट तय किया जाएगा।' -पीसी मीणा, हुडा प्रशासक
'हुडा की यह बेहतरीन योजना है। इस योजना से सड़क हादसों में कमी आएगी। इस तरह की योजना नेशनल हाइवे से लेकर अन्य लिंक रोड किनारे भी बनाई जानी चाहिए। सड़क पर पैदल व साइकिल सवार को सुरक्षित चलने का पूरा अधिकार है।' -मनोहर पुनयानी, प्रधान, मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-15