गुड़गांव। हरियाणा सरकार की ओर से वीर सैनिकों के सम्मान के लिए एक्सग्रेसिया ग्रांट में वृद्धि की गई है। सरकार ने वीरगति को प्राप्त होने वाले सैनिकों के परिवारों को मिलने वाली राशि ढाई लाख रुपए से बढ़ाकर 20 लाख रुपए की है। मेवात उपायुक्त अशोक सांगवान ने बताया कि इसी प्रकार बम ब्लास्ट में शहीद होने वालों के परिवारों को दो लाख रुपए की बजाय 20 लाख रुपए दिए जाएंगे।
इसके अलावा संयुक्त राष्ट्र शांति सेनाओं में तैनाती के दौरान वीरगति को प्राप्त होने वाले सैनिकों के आश्रितों को भी 20 लाख रुपए की राशि अनुग्रह अनुदान के रूप में दी जाएगी। अपंगता की स्थिति में सैनिकों को मिलने वाली राशि 50 हजार रुपए से बढ़ाकर 5 लाख रुपए, 75 हजार से बढ़ाकर 10 लाख रुपए तथा एक लाख रुपए से बढ़ाकर 15 लाख रुपए की है।