पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंगुड़गांव. गुड़गांव में सिटी बस सेवा की पहली वर्षगांठ पर यातायात विभाग ने शहर को जल्द ही 50 और एसी बसों का तोहफा देने की घोषणा की है। ये बसें अगले तीन-चार माह के अंदर सड़कों पर होंगी। इसके अलावा जल्दी ही गुड़गांव से चंडीगढ़ पांच और वोल्वो चलाई जाएंगी।
यह जानकारी रविवार को हरियाणा राज्य यातायात विभाग के महानिदेशक अरुण कुमार ने दी। उन्होंने कहा कि गुड़गांव वासियों की सिटी बस सेवा की मांग को न केवल पूरा किया जा रहा है, बल्कि वायदे के मुताबिक बसों की संख्या बढ़ाकर 32 से 100 कर दी है। इसके साथ महानिदेशक ने इन बसों की संख्या अगले चार महीनों में बढ़ाकर 150 तक करने की बात कही। इनमें 50 बसें वातानुकूलित तथा 100 बसें साधारण श्रेणी की होंगी। इस समय में सिटी बस सेवा में एसी बसों का अभाव है।
रोडवेज कर्मियों के लिए बनेंगे स्टाफ क्वार्टर: इसके अलावा रोडवेज कर्मियों के लिए 48 स्टाफ क्वार्टर और यात्री सुविधा के लिए दो बस स्टैंडों का कायाकल्प भी किया जाएगा।
इन सभी योजनाओं पर करीब 47 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इस मौके पर फरीदाबाद के एसडीएम यशेन्द्र सिंह, एचआरईसी बहरामपुर के महाप्रबंधक डीआर कुंडू, गुड़गांव डिपो के महाप्रबंधक सुरेन्द्रसिंह, जेएसटीसी एस के रूहिल, पलवल डिपो के महाप्रबंधक लाजपत राय, एसडीएम विवेक कालिया उपस्थित थे।
50 नई बसों पर 32 करोड़ होंगे खर्च : राज्य यातायात महानिदेशक ने कहा कि सिटी बस सेवा के लिए नई बसें टाटा मोटर्स से खरीदी गई हैं और बसें तैयार करने का कार्य लखनऊ में चल रहा है। नई बसों पर 32 करोड़ रुपये खर्च होगे।
बसों व स्टैंडों पर लगेंगे जीपीएस और कैमरे
गुड़गांव. यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रदेश के सभी बस स्टैंडों और बसों में कैमरे तथा जीपीएस लगाए जाएंगे। यह व्यवस्था को अगले छह माह के अंदर लागू कर दी जाएगी। रविवार को गुड़गांव सिटी सेवा एक साल पूरा होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में राज्य यातायात विभाग के महानिदेशक अरुण कुमार ने ये बात कही।
उन्होंने कहा कि योजना को अमलीजामा पहनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे यात्रियों से लेकर बसों में होने वाली छोटी-मोटी घटनाएं कैमरे में कैद हो जाएगी। उन्होंने बताया कि हरियाणा में सभी बस स्टैंडों पर सीसीटीवी कैमरे लगाएं जाएंगे। ताकि बस स्टैंड परिसर में शरारती गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। राज्य सरकार इस सुविधा पर लगभग 4 करोड़ रुपए खर्च करेगी।
अरुण कुमार ने यह भी बताया कि सबसे पहले गुड़गांव तथा फरीदाबाद में सिटी बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। महानिदेशक ने कहा कि हरियाणा परिवहन की बसों पर गंतव्य बोर्ड भी लगाए जाएंगे। इससे बस के रूटों के बारे में यात्रियों को पता चल सके। उन्होंने यह भी बताया कि सिटी बसों में भी जीपीएस सिस्टम भी लगाया जाएगा। इसके लिए अगले महीने निविदाएं आमंत्रित कर दी जाएंगी। यह प्रक्रिया पूरी होने में लगभग 6 महीने का समय लगेगा।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.