- Hindi News
- सरहदों की दूरियां कम करने पाक के छात्र पहुंचे गुड़गांव
सरहदों की दूरियां कम करने पाक के छात्र पहुंचे गुड़गांव
रूट्स टू रूट्स सिटीजन आर्काइव ऑफ पाकिस्तान नामक एनजीओ ने की पहल
भास्करन्यूज | गुड़गांव
भारतऔर पाकिस्तान के बीच सद्भाव और शांति स्थापना के लिए रविवार को पाकिस्तान के 36 छात्रों सहित 52 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गुड़गांव पहुंचा। यह प्रतिनिधिमंडल 15 फरवरी तक भारत में भ्रमण करेगा। सोमवार को सुशांत लोक स्थित डीपीएस में पाकिस्तानी बच्चों का स्वागत किया गया। स्कूल में पाकिस्तान से आए बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। दोनों देशों के विद्यार्थियों ने एक-दूसरे की संस्कृति, जीवनशैली, पारिवारिक परंपराओं को जाना।
दोनों देशों के बीच दूरियों को कम करने के लिए यह कदम उठाया गया है। एनजीओ ने इस प्रतिनिधिमंडल के भ्रमण को एक्सचेंज फॉर चेंज 2013-15 का नाम दिया है। प्रतिनिधिमंडल भारत के रूट्स टू रूट्स पाकिस्तान के सिटीजन आर्काइव एनजीओ की पहल पर यहां पहुंचा है। रूट्स टू रूट्स के संस्थापक राकेश गुप्ता ने बताया कि यह विद्यार्थियों के लिए बेहतरीन मौका है। वे दोनों देशों की संस्कृति और रहन-सहन को बेहतर समझ सकते हैं। डीपीएस सुशांत लोक की प्रिंसिपल डा. रुचि सेठ ने बताया कि विद्यार्थियों के लिए यह एक कमाल का अनुभव रहेगा। इससे यहां के छात्र भी पाकिस्तान के रहन-सहन और संस्कृति के बारे में गहनता से जान सकेंगे।
पाकिस्तान के विभिन्न हिस्सों कराची, लाहौर, रावलपिंडी और इस्लामाबाद से आए इन छात्रों की यात्रा को और ज्यादा खुशनुमा बनाने के लिए डीपीएस सुशांत लोक के छात्र-छात्राओं ने उनके स्वागत में नृत्य प्रस्तुत किया। एक्सचेंज फॉर चेंज विषय पर एक सत्र संचालित किया जाएगा। खुशियां और शांति फैलाने के लिए दोनों संगठन मिल कर काम कर रहे हैं और भारत पाकिस्तान में बहुत सी सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित करते हैं। इस कार्यक्रम के बारे में अपना अनुभव साझा करते हुए कराची के दाउद पब्लिक स्कूल की छात्रा पायल रमेश ने बताया कि एक्सचेंज फॉर चेंज के दो साल बहुत यादगार रहे हैं। इससे पाकिस्तान और भारत में दोस्त बनाने के अपने लक्ष्य को पाने में उन्हें मदद मिली है। वहीं डीपीएस सुशांत लोक की कक्षा 9 की अरुणिमा मित्तल ने बताया कि यह वास्तव में जिंदगी भर याद रखने वाला पल है।
गुड़गांव. सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करतीं पाकिस्तान की छात्राएं।
गुड़गांव पहुंचा पाकिस्तान के छात्र-छात्राओं का प्रतिनिधिमंडल।