पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • रैन बसेरों में सुरक्षा के लिए लगेंगे सीसीटीवी कैमरे

रैन बसेरों में सुरक्षा के लिए लगेंगे सीसीटीवी कैमरे

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगरनिगम के ज्वाइंट कमिश्नर विवेक कालिया ने भीम नगर कन्हैई स्थित रैन बसेरों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने भीम नगर रैन बसेरे की देख-रेख करने वाले कर्मियों से कहा कि यहां आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए रैन बसेरे में साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि रैन बसेरे में सुरक्षा की दृष्टि को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी कैमरे लगवाने का प्रपोजल तैयार कर उनके पास भेजें। सीसीटीवी कैमरे लगने के बाद रैन बसेरे में होने वाली सभी गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी। सुरक्षा के लिहाज से भी यह बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि एक सीसीटीवी कैमरा मुख्य गेट पर तथा तीन कैमरे अंदर लगवाए जाएंगे।

इसके अलावा कालिया ने कन्हैई स्थित रैन बसेरे में पहुंचकर संबंधित अधिकारी को दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुड़गांव में बहुत से लोग दूसरे स्थानों से रोजी-रोटी की तलाश में आते हैं। कई बार उन्हें रात में यहां रुकना पड़ता है। सर्दी का मौसम होने के कारण हमारी यह जिम्मेदारी बनती है कि ऐसे लोगों के ठहरने के लिए अच्छी व्यवस्था की जाए ताकि लोग सर्दी से बच सकें और ठीक ढंग से रात बिता सकें।

इससे पूर्व कालिया ने जैकबपुरा स्थित गुरु रविदास मंदिर में नगर निगम द्वारा संचालित महिलाओं के लिए बेसिक सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का दौरा किया। उनके साथ आए नगर निगम के सिटी प्रोजेक्ट आफिसर महेन्द्र सिंह ने बताया कि इस प्रकार के केंद्रों में महिलाओं को चार माह का प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद इच्छुक महिलाओं को स्थानीय कंपनियों में नौकरी दिलवाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने बताया कि इस केंद्र में 30 महिलाएं प्रशिक्षण ले रही हैं।