- Hindi News
- हुडा प्रशासक के दौरे को लेकर सफाई कार्य तेज
हुडा प्रशासक के दौरे को लेकर सफाई कार्य तेज
गुड़गांव | 13दिसंबर को हुडा प्रशासक अनीता यादव के दौरे को लेकर सेक्टर-15 पार्ट-2 में साफ सफाई का काम तेज हो गया है। सेक्टर में सड़कों फुटपाथ की सफाई और जगह-जगह से कूड़ा उठाए जा रहे हैं। सेक्टर की सफाई का जिम्मा आरडब्ल्यूए के पास है। आरडब्ल्यूए बड़ी संख्या में सफाई कर्मियों को लगाकर सफाई करा रहा है।
सेक्टर-15 पार्ट-2 के आरडब्ल्यूए प्रधान राजाराम यादव ने बताया कि सफाई कराने के बाद कूड़ा घर होने से परेशानी होती है। इसे लेकर कई बार हुडा एस्टेट ऑफिसर को लिखित जानकारी दी गई। लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया। आवारा पशु सेक्टर में चारों तरफ गंदगी फैलाते हैं। इन मांगों के अलावा कई अन्य समस्याएं हुडा प्रशासक के समक्ष रखी जाएंगी। उन्होंने कहा कि सेक्टर वासियों से आने की अपील की गई है। किसी को सेक्टर में समस्या है, तो वह अपनी बात रख सकता है। वहीं एसडीई विजेंद्र मलिक ने कहा कि सेक्टर के आरडब्ल्यूए से पूछकर समस्याओं का निस्तारण किया जाता है। इंजीनियरिंग विंग के दायरे में आने वाले सभी कार्य कराए जा रहे हैं। जो कार्य अधूरे हैं, उसकी कार्ययोजना बनाई जा रही है। सेक्टर में सीवर जाम की समस्या को दूर करने के लिए जेई को लगाया गया है।