11 लाख रुपए प्रॉपर्टी टैक्स किए एकत्रित
नगरनिगम द्वारा बुधवार को रिजेंसी पार्क-2 तथा रिजवुड एस्टेट डीएलएफ फेज-4 में प्रॉपर्टी टैक्स कैंप लगाए, जिनमें लगभग 11 लाख रुपए का प्रॉपर्टी टैक्स एकत्रित हुआ। इस तरह से निगम द्वारा अब तक आयोजित प्रॉपर्टी टैक्स कैंपों में लगभग 56 लाख रुपए का प्रॉपर्टी टैक्स एकत्रित किए जाने का दावा किया है। नगर निगम द्वारा एक फरवरी से विभिन्न रिहायशी क्षेत्रों में प्रॉपर्टी टैक्स कैंप लगाए जा रहे हैं। इन कैंपों में नगर निगम के अधिकारी पूरे रिकॉर्ड के साथ मौजूद रहते हैं तथा प्रॉपर्टी टैक्स संबंधी त्रुटियों का भी मौके पर समाधान करते हैं। निगम के प्रवक्ता के अनुसार इन कैंपों के आयोजन के लिए स्थानीय निगम पार्षदों तथा आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों की मदद ली जा रही है। विशेष बात यह है कि गुड़गांव निवासी अब स्वयं नगर निगम से संपर्क कर अपने यहां प्रॉपर्टी टैक्स कैंप आयोजित करने के लिए अनुरोध कर रहे हैं।
शहर वासियों की सुविधा के लिए अब प्रॉपर्टी टैक्स कैंपों में कार्ड स्वैपिंग मशीन भी लगाई जा रही है। शहरवासी अपने डेबिट या क्रेडिट कार्ड से भी टैक्स का भुगतान कर रहे हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि 13 फरवरी को डीएलएफ फेज-5 स्थित विलिंगटन एस्टेट तथा सेक्टर-48 स्थित रेल विहार में भी कैंप आयोजित होंगे।