सड़क को लेकर प्रदर्शन, राेड जाम
फर्रुखनगर-गुड़गांवमार्ग स्टेट हाइवे पर टूटी सड़क संघर्ष समिति के बैनर तले क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों ने सुल्तानपुर मोड़ पर सडक़ पर बने गड्ढे को भरवाने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने रोड जाम कर सरकार प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। धरना करीब दो घंटे तक चला। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस टीम पहुंची लेकिन ग्रामीणों ने उनकी एक नहीं सुनी। इतना ही नहीं किसी प्रशासनिक अधिकारी के नहीं पहुंचने पर प्रदर्शनकारी फावड़ा लेकर गड्ढे भरने में जुट गए। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार प्रदीप कुमार देर शाम तक सड़क पर बने गड्ढे को भरवाने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने जाम खोलते हुए चेतावनी दी कि अगर उनकी मांग के अनुरूप कार्य नहीं हुआ, तो वे पुन: प्रदर्शन के लिए मजबूर हो सकते हैं।
इस मौके पर टूटी-फूटी सडक़ संघर्ष समिति के अध्यक्ष सुखबीर सिंह तंवर, किसान नेता राव मानसिंह, देवदास, प्रेमचंद सैनी, प्रवीण शर्मा, राजपाल चौहान, मेद सिंह, रामफल, ओम प्रकाश हंस, रविंद्र चौहान आदि ने बताया कि करीब ढाई साल पहले सडक़ का निर्माण कार्य किया गया था। इस समय वजीरपुर फर्रुखनगर सडक़ के बीच करीब 80 फुट का हिस्सा अधूरा छोड़ दिया गया था। वे अधूरे कार्यों को पूरा कराने के लिए विधायक से मंत्री संबंधित विभाग के अधिकारियों तक गुहार लगा चुके हैं। इसी क्रम में प्रशासन को जगाने के लिए 12 सितंबर को विरोध प्रदर्शन के बाद उपायुक्त के नाम तहसीलदार को ज्ञापन दिया था। उन्होंने उसमें रविवार तक सड़क का निर्माण कराने की मांग रखी थी। फिर भी प्रशासन की नींद नहीं टूटी। इसके विरोध में जाम लगाकर स्वयं गड्ढे भरने का निर्णय लेने पर मजबूर होना पड़ा है।
गुडग़ांव-फर्रुखनगर. धरने पर बैठे सड़क संघर्ष समिति के पदाधिकारी सदस्य।
फर्रुखनगर. गुड़गांव जाने वाली टूटी सड़क के विरोध में प्रदर्शन करत सड़क संघर्ष समिति के पदाधिकारी सदस्य।