- Hindi News
- प्रत्याशियों के लिए सिंगल विंडो सुविधा शुरू
प्रत्याशियों के लिए सिंगल विंडो सुविधा शुरू
शांतिपूर्ण निष्पक्ष चुनाव के लिए 5 नोडल अधिकारी नियुक्त
प्रत्याशियोंकी सुविधा के लिए गुड़गांव जिला अंतर्गत चारों विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में सिंगल विंडो सिस्टम शुरू किया गया है, जिसमें प्रत्याशी चुनाव से जुड़ी विभिन्न प्रकार की अनुमति के लिए आवेदन कर सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी उपायुक्त शेखर विद्यार्थी ने बताया कि चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को चुनाव प्रचार करने जैसे जनसभाओं के आयोजन, लाउडस्पीकर का प्रयोग करने, वाहनों के प्रयोग आदि के संबंध में आवश्यक अनुमति संबंधित क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी से लेनी अनिवार्य है, जिसके लिए संबंधी राजनैतिक दल को सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से आवेदन करना होगा। आवेदन करने के 48 घंटे के भीतर संबंधित राजनैतिक दल को रिटर्निंग अधिकारी द्वारा स्वीकृति दी जाएगी। बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव संबंधी अनुमति के लिए गुड़गांव जिला के अतिरिक्त उपायुक्त एवं बादशाहपुर के रिटर्निंग अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह चौहान के कार्यालय में सिंगल विंडो सिस्टम शुरू किया गया है। इसी प्रकार, पटौदी विधानसभा क्षेत्र के लिए पटौदी के एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी वीरेंद्र चौधरी के कार्यालय में सिंगल विंडो सिस्टम शुरू किया जा चुका है। सोहना विधानसभा क्षेत्र के लिए सोहना के एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी तरुण पांवरिया तथा गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र के लिए गुड़गांव उत्तरी के एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी ओमप्रकाश के कार्यालयों में भी सिंगल विंडो सिस्टम पर आवेदन किया जा सकता है।