- Hindi News
- जिला स्तरीय ग्रामीण खेल प्रतियोगिता आज से होगी
जिला स्तरीय ग्रामीण खेल प्रतियोगिता आज से होगी
राजीवगांधी खेल अभियान योजना के तहत गुड़गांव में 12 13 दिसंबर को जिला स्तरीय ग्रामीण खेल प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। यह प्रतियोगिता 16 वर्ष से कम आयु वर्ग के लड़के लड़कियों के लिए होगी। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को ग्रामीण निवासी होने का प्रमाण-पत्र साथ लाना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि 12 दिसंबर को यह प्रतियोगिता 16 वर्ष से कम आयु वर्ग के लड़कों के लिए आयोजित की जाएगी, जिसमें उनके लिए एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, हॉकी, वालीबॉल, कबड्डी, फुटबॉल ,कुश्ती, जूडो, बॉक्सिंग हैंडबॉल आदि खेल-प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 13 दिसंबर को ये ही प्रतियोगिताएं 16 वर्ष से कम आयु वर्ग की लड़कियों के लिए आयोजित की जाएंगी। एथलेटिक्स खेल प्रतियोगिताओं में 17 लड़के 17 लड़कियां भाग ले सकती हैं। इसमें 100 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर, 3000 मीटर, लांग जम्प, हाई जम्प, शॉट पुट(5.0 किलोग्राम), डिस्क थ्रो(1.50 किलोग्राम), 100 मीटर रिले, 400 मीटर रिले में एक एथलीट ज्यादा से ज्यादा 3 प्रतियोगिताओं में भाग ले सकता है। कुश्ती प्रतियोगिता में 10 लड़के 10 लड़कियां, जूडो में 10 लड़के 8 लड़कियां, बॉक्सिंग प्रतियोगिता में 13 लड़के 13 लड़कियां, वॉलीबॉल में 12 लड़के 12 लड़कियां , कबड्डी प्रतियोगिता में 10 लड़के 10 लड़कियां, फुटबॉल प्रतियोगिता में 16 लड़के 16 लड़कियां भाग ले सकती हैं।
एथलेटिक्स, कुश्ती, जूड़ो, फुटबॉल बास्केटबॉल प्रतियोगिता ताऊ देवी लाल खेल परिसर में आयोजित की जाएगी। इसी प्रकार, बॉक्सिंग, वालीबॉल, कबड्डी, हैंडबॉल हॉकी प्रतियोगिता नेहरू स्टेडियम में तथा जूडो प्रतियोगिता गांव धनवापुर के अजीत स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। सभी प्रशिक्षकों को अपने-अपने खेल प्रतियोगिता का टाई, खेल परिणाम प्रतियोगियों की सूची 13 दिसंबर को रेणुका निरमान, सहायक को प्रस्तुत करनी होगी।