गुड़गांव | प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्वच्छता अभियान के लिए नामित इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की गुड़गांव ब्रांच द्वारा रविवार को सेक्टर-15 स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय से स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई। इस दौरान स्कूल की विधिवत सफाई की गई।
इस अभियान में सीए मेंबर्स स्टूडेंट्स के साथ काफी संख्या में आम लोगों ने भाग लेकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। आईसीएआई के एनआईआरसी गुड़गांव ब्रांच के चेयरमैन सीए राजीव डागर ने बताया कि सफाई अभियान के दौरान आईसीआईए द्वारा स्कूल में स्वच्छ पेयजल के लिए आरओ सिस्टम, टॉयलेट के लिए वॉटर टैंक, टैप्स के साथ उनमें नए दरवाजे भी लगवाए गए। इस अभियान में संस्था से100 सीए मेंबर्स के अलावा काफी संख्या में छात्रों ने भाग लिया।
चेयरमैन ने कहा कि संस्था द्वारा इस स्कूल में भविष्य में भी इस तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ अन्य स्कूलों में भी इस अभियान को चलाया जाएगा। स्वच्छता अभियान शुरुआत मुख्य अतिथि डिप्टी मेयर परमिंदर कटारिया ने की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन और स्वच्छ वातावरण के सफाई निहायत जरूरी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशभर में स्वच्छता अभियान की जो शुरुआत की, वह जन कल्याणकारी और ऐतिहासिक कदम है। पूरे देश में स्वच्छता का संदेश गया है। यह एक बेहतर पहल है। हर व्यक्ति को बढ़-चढ़कर इसमें भाग लेना चाहिए।