- Hindi News
- बच्चों को जरूर पिलवाएं पोलियो ड्रॉप्स : डीसी
बच्चों को जरूर पिलवाएं पोलियो ड्रॉप्स : डीसी
भास्कर न्यूज | नूंह/ गुड़गांव
जिलामेवात में 22 से 24 फरवरी तक विशेष पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। इसकी सफलता के लिए सभी जिलावासी अपने 5 वर्ष तक की आयु के बच्चों को हिस्सेदार बनाएं तथा उन्हें पोलियो ड्राप्स जरूर पिलवाएं। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की सभी टीमें यह सुनिश्चित करें कि इस अभियान में जिला का कोई भी बच्चा पोलियो ड्रॉप्स पीने से वंचित रहने पाए। उपायुक्त अशोक सांगवान ने कहा कि हमारा देश हालांकि पोलियो फ्री देशों में शामिल हो चुका है, फिर भी हमें एहतियात के तौर पर अपने बच्चों को हर बार पोलियो ड्रॉप्स पिलानी जरूरी है। उपायुक्त ने पल्स पोलियो अभियान के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि हमारा देश मार्च 2014 में पोलियो फ्री देशों की श्रेणी में शामिल हो चुका है। इसे पोलियो फ्री का सर्टिफिकेट भी मिल चुका है। लेकिन हमारे पड़ोसी देश पाकिस्तान अफगानिस्तान में अब भी पोलियो के केस सामने रहे हैं। हमारे देशवासियों का इन देशों में आना-जाना रहता है, ऐसे में पोलियो वायरस हमारे देश में भी आने की आशंका बनी रहती है। इसलिए यह जरूरी है कि जब भी पोलियो राउंड आए तो इसमें सभी 5 वर्ष तक के बच्चों को ड्रॉप्स अवश्य पिलाएं। जिले में जन्म से पांच साल तक की आयु के कुल 2 लाख 85 हजार 133 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके लिए जिले में कुल 964 बूथ 1 हजार 104 टीम बनाई गई हैं, जिसमें 39 ट्रांजिट टीम, 57 मोबाइल टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों में 3 हजार 565 कर्मचारियों को लगाया गया है। इनमें 279 स्वास्थ्य विभाग से, आईसीडीएस विभाग, आशा वर्कर एवं एसएमएस की एक हजार 304 सदस्य तथा एक हजार 982 वालंटियर को विशेष ट्रेनिंग के बाद लगाया गया है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पोलियो अभियान की शत-प्रतिशत सफलता पर विशेष ध्यान दें। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. बीके राजौरा ने भी अभियान की तैयारियों के बारे में जानकारी दी।