सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में ओबीसी निभा रहा अहम भूमिका : चौहान
ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स जहां अपने ग्राहकों को इंटरनेट बैंकिंग की सुविधाओं के साथ-साथ हर क्षेत्र में कारोबार चलाने के लिए ऋण उपलब्ध करा रहा है, वहीं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को भी लागू करने में किसी तरह से पीछे नहीं है। ग्राहकों की सुविधा के लिए बैंक ने पिछली तिमाही के दौरान जहां 64 बैंक शाखाएं खोली हैं, वहीं 41 एटीएम भी स्थापित किए हैं। प्रधानमंत्री की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति भी बैंक गंभीर है। यह बात ओरिएंटल बैंक के प्रबंधन निदेशक एवं चेयरमैन अनिमेश चौहान ने गुरुवार को बैंक के तिमाही लेखा-जोखा के बारे में जानकारी देते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत कुल 6 लाख नामांकन किए हैं। इसी तरह प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 31.86 लाख नामांकन मिले हैं। प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत 33.97 लाख खाते खोले गए हैं। इन खातों में कुल 2 हजार 506 करोड़ रुपए जमा हुए हैं। खाता खोलने वालों को 33.31 लाख रुपे कार्ड जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि बैंक द्वारा 10 से 18 वर्ष की आयु वर्ग के लिए विशेष रुप से डिजाइन किए गए रुपे डेबिट कार्ड सहित बचत खाता ओरिएंटल युवा खाता का शुभारंभ भी किया गया है। इसी प्रकार ओरिएंटल प्रीमियम वेतन खाता तथा ओरिएंटल सेल्यूट वेतन खाता भी सशस्त्र सेनाओं में कार्यरत सैन्यकर्मियों के लिए शुभारंभ किया गया है। उन्होंने बताया कि गत दिसंबर माह के अंत तक देश के विभिन्न क्षेत्रों में बैंक की कुल 2351 शाखाएं हो चुकी हैं एवं 2592 एटीएम भी स्थापित किए जा चुके हैं। इस दौरान बैंक के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर राजकिरण पाल सहित अन्य उच्चाधिकारी भी मौजूद रहे।
गुड़गांव. पत्रकारोंसे बातचीत करते ओरियन्टल बैंक के एमडी अनिमेश चौहान