गुड़गांव। ‘प्लास्टिकको खत्म करें अन्यथा प्लास्टिक हमें खत्म कर देगा।’ इसी स्लोगन के साथ नगर निगम द्वारा गुड़गांव को पॉलीथिन फ्री करने के लिए चलाए जा रहे अभियान की शुरुआत वार्ड-32 के सेक्टर-56 स्थित हुडा मार्केट से की गई। इस मौके पर नगर निगम आयुक्त एवं उपायुक्त टीएल सत्यप्रकाश ने उपस्थित नागरिकों को पॉलीथिन का उपयोग करने तथा दूसरों को इसके लिए जागरूक करने की शपथ दिलाई।
निगम पार्षद महेश दायमा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में वार्ड के लोगों ने भाग लिया तथा इस अभियान को सफल बनाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर डीसी एवं नगर निगम आयुक्त सत्यप्रकाश ने कहा कि हम अपने बच्चों को जागरूक करें और उन्हें कपड़े का बैग इस्तेमाल करने के लिए कहें तो आने वाले 5 वर्षों में अद्भुत परिवर्तन सकता है। उन्होंने वार्ड निवासियों से कहा कि आप लोगों को यह गर्व होना चाहिए कि पॉलीथीन मुक्त अभियान की शुरूआत आपके वार्ड से हुई है, जो पूरे गुड़गांव में पहुंचेगी।
निगम पार्षद महेश दायमा ने कहा कि स्वयं सहायता समूह की महिलाएं इस अभियान में सहयोग करने के लिए पुराने कपड़ों को साफ करके उनके बैग बनाएं। इसके साथ ही धार्मिक स्थानों पर प्रसाद का वितरण पॉलीथिन की बजाए कपड़े या जूट की थैली में किया जाए। इस प्रकार हमारा वातावरण भी शुद्ध होगा जानवर बचेंगे तथा बेरोजगार लोगों को कपड़े के थैले बनाने की दिशा में रोजगार भी मिलेगा। उन्होंने सभी से अनुरोध किया कि जब भी किसी को कोई उपहार दें तो ऐसा दें, जो समाज के हितकर हो और ऐसा उपहार कपड़े या जूट का थैला हो सकता है।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा विभिन्न पोस्टरों स्लोगनों के माध्यम से उपस्थित लोगों को पॉलीथिन का इस्तेमाल नहीं करने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही नुक्कड़ नाटक कलाकारों ने अपने नाटक के माध्यम से लोगों को इस बारे में प्रेरित किया। इस मौके पर निष्ठा सांस्कृतिक मंच से संजय भसीन, जिला रेडक्रास सोसायटी सचिव श्याम सुंदर, वार्ड-32 के निवासी ओशो कालिया, ओएचसी एनजीओ से आसिफ रहमान, कोटा इंटरनेशनल संस्था से मीनाक्षी भंडारी के साथ स्थानीय लोग उपस्थित थे।