जीवन में सफलता के लिए स्वयं पर विश्वास होना जरूरी: अदिति
गुड़गांव | ब्रह्मकुमारीजके ओम शांति रिट्रीट सेंटर में कॉलेज के स्टूडेंट्स के लिए फ़र्स्ट स्टेप टू सक्सेस विषय पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें गुड़गांव के आस-पास के कॉलेज से करीब 800 स्टूडेंट्स ने भाग लिया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से माइंड मेमोरी ट्रेनर एवं गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड होल्डर अदिति सिंघल ने स्टूडेंट्स को मेमोरी बढ़ाने के साथ-साथ वैदिक गणित के द्वारा कितनी भी कठिन गणना को सेकंड्स में हल करने की सुंदर विधि बताई।
उन्होंने कहा कि हमारी मेमोरी तब अच्छी होती है, जब हम एकाग्र होकर किसी कार्य को करते हैं। एकाग्रता सही अर्थ में तब कहलाती है, जब हम जो सुनते हैं, उसे मन में देख पा रहे हों। जो हम देखते हैं वो हमें जल्दी याद होता है। कोई भी नई इन्फॉरमेशन हमें तभी याद रहती है, जब उसको हम पुरानी के साथ एसोसिएट करते हैं, इसे लॉ ऑफ एसोसिएशन कहा जाता है।
अदिति सिंघल ने कहा कि अगर हमें मेमोरी बढ़ानी है, तो एक समय में एक ही कार्य करना चाहिए। प्रत्येक कार्य के लिए अलग-अलग समय निश्चित कर लेना चाहिए। दूसरा हम शारीरिक व्यायाम अवश्य करें, क्योंकि व्यायाम से दिमाग की कोशिकाओं को ऑक्सीजन अच्छी मात्रा में पहुंचता है। ओआरसी की निदेशिका आशा ने कहा कि सब विद्यार्थी हैं और जीवन भर विद्यार्थी ही बनकर रहना है। आपके अंदर सदा सीखने की भावना रहनी चाहिए। जिस दिन व्यक्ति ये सोच लेता है कि सब कुछ सीख लिया है, उस दिन उसकी उन्नति रुक जाती है। अगर सफलता प्राप्त करनी है तो हमारे अंदर सुनने की कला का होना बहुत आवश्यक है।
गुड़गांव. ब्रह्माकुमारीज़के ओम् शान्ति रिट्रीट सेन्टर में कॉलेज स्टूडेंट्स के लिए फर्स्ट स्टेप टू सक्सेस विषय पर आयोजित कार्यक्रम में मौजूद युवा। (इनसेट) कार्यक्रम में बोलते हुए अदिति सिंघल।