गुड़गांव. हरियाणा के लोक निर्माण, वन एवं औद्योगिक मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि जल्द ही गुड़गांव जिले को विश्वविद्यालय की सौगात मिलने वाली है। स्थानीय गांव कांकरौला में पंचमुखी भगवान हनुमान की मूर्ति अनावरण समारोह में मंत्री ने कहा कि जल्द ही प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल इसकी घोषणा कर सकते हैं।
तहसील में बहुत अधिक भीड़
उन्होंने कहा कि मानेसर तहसील बनने के बाद भी गुड़गांव तहसील में बहुत अधिक भीड़ होती है और लोगों को अपने तहसील संबंधी काम कराने के लिए लंबी कतार लगानी पड़ती है, जनता की इसी परेशानी को ध्यान में रखकर सरकार ने गुड़गांव में 4 नई उप-तहसील बनाने का फैसला लिया है। ताकि लोगों को उनके नजदीक ही तहसील की सुविधाएं उपलब्ध हो सके। इस अवसर पर गुड़गांव के एसडीएम वत्शल वशिष्ठ, संबंधित विभागों के अधिकारी और सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
पीडब्ल्यूडी मंत्री को सौंपा ज्ञापन
हरियाणा राज्य ओद्यौगिक प्रशिक्षण तकनीकी कर्मचारी कल्याण संघ का प्रतिनिधिमंडल कर्मचारियों की मांगों को लेकर शनिवार को संघ के प्रधान प्रवीण देसवाल की अध्यक्षता में प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री राव नरवीर सिंह से उनके आवास पर मिला और उन्हें लंबित पड़ी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा। प्रवीण देसवाल ने बताया कि ज्ञापन में मांग की गई है कि कई लंबे अर्से से वेतन विसंगतियों का सामना कर्मचारियों को करना पड़ रहा है, उसका समाधान कराय जाए।
दिया जा रहा कम वेतनमान
प्रशिक्षण संस्थानों में कार्यरत अनुदेशकों का वेतनमान पहले शिक्षा विभाग के अध्यापकों से अधिक था लेकिन अब वर्तमान में उन्हें जेबीटी के अध्यापकों से भी कम वेतनमान दिया जा रहा है। पदोन्नति, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, समान काम समान वेतन नीति लागू करने की मांग भी ज्ञापन में कही गई है। उन्होंने बताया कि मंत्री जी ने उनकी मांगों को शीघ्र पूरा कराने का उन्हें आश्वासन भी दिया है। इस प्रतिनिधिमंडल में संघ के महासचिव प्रदीप ढुल, अजित सिंह, विजय यादव, रविंद्र अत्री, इंद्राज, शीशपाल, लक्ष्मण सिंह शामिल थे।