गुड़गांव. डूंगरवास में हुए 5 वर्षीय मासूम बच्चे की हत्या का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने बच्चे की हत्या करने के आरोप में उसकी मामी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मामी पर पुलिस को पहले दिन से ही शक था, जिसके आधार पर पुलिस की पूछताछ में आरोपी महिला टूट गई और अपना गुनाह कबूल कर लिया। हत्या का कारण उसने बच्चे की देखभाल करने में परेशानी व सास द्वारा इसके लिए ताने दिया जाना बताया।
नीतू के बयान पर पुलिस को हुआ शक
दिनदहाड़े हुई हत्या की जांच के दौरान जब पुलिस नीतू से पूछताछ करने लगी तो नीतू ने कागज पर लिखकर बताया वो बोलने में असमर्थ है, उसने यह भी बताया कि उसका
मोबाइल 6-7 दिन से बंद था। उसके बाद होश में आने व बोलने की स्थिति में होने पर उसने बतलाया कि वह बर्तन साफ कर रही थी तथा साहिल उसके पास ही खेल रहा था। तभी दो व्यक्ति जिनकी बड़ी-बड़ी दाढ़ी थी और लगभग 40-45 साल उम्र के थे, घर में घूस गए। उन्होंने दोनों तरफ के दरवाजे बंद करके साहिल को गला घोटकर मार दिया तथा उसे कुछ नशीला पदार्थ स्प्रे करके सुंघा दिया जिससे वह बेहोश हो गई। नीतू के इस बयान की जांच करते हुए पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तो मामला संदेहजनक प्रतीत हुआ
क्या था मामला
बीते रविवार को थाना बिलासपुर के गांव डूंगरवास निवासी मनीष ने थाना बिलासपुर में सूचना दी कि वह, उसकी बहन का 5 वर्षीय बेटा साहिल उर्फ वीर तथा उसकी पत्नी नीतू मकान में मौजूद थे। वह कमरे में सो रहा था। लगभग 10 बजे दिन में दो आदमी घर में घुस गये। उन्होंने साहिल का गला दबा कर मार दिया। नीतू ने शोर मचाया तो उसे पकड़कर कुछ सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। आवाज सुनकर उसने साहिल व नीतू को रॉकलैंड हास्पिटल में दाखिल करा दिया। जहां डॉक्टरों ने साहिल को मृत घोषित कर दिया।
मेडिकल जांच में खुली पोल
पुलिस के अनुसार नीतू की मेडिकल जांच करने वाले डॉक्टर ने बताया कि उसे किसी प्रकार की बाहरी व अंदरूनी चोट नहीं है। साथ ही न बोल पाने और बेहोशी का बहाना नाटक प्रतीत हो रहा है। नीतू ने बताया था कि उसका मोबाइल फोन 6-7 दिन से बंद था लेकिन कॉल डिटेल से पता चला कि उसके मोबाइल से 23 सितंबर को भी कॉल की गई थी। पुलिस को नीतू के नाखून में जो रक्त का नमूना मिला वो साहिल के रक्त से मिल गया। पुलिस ने इन तथ्यों व सबूतों के आधार पर नीतू से सख्ती से पूछताछ की जिसमें उसने गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसकी ननद का लड़का साहिल व एक लड़की 4-5 दिन पहले आए थे। उसे ही इन बच्चों का सारा काम करना पड़ता था जिससे वह परेशान थी। उसकी सास भी बच्चों के लिए उसे ताने देती थी। उसने बताया कि रात की ड्यूटी करने बाद जब उसका पति कमरे में सो रहा था तो उसने रविवार को लगभग 10 बजे बैठक में सोफे के कवर से साहिल का गला दबाकर मार दिया।