पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

मौके पर जाकर एसीपी ने हटवाया ऑटो लेन से अतिक्रमण, ऑटो चालकों के काटे चालान

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

गुड़गांव. गुड़गांव भास्कर में 08 मई को --पार्किग और अतिक्रमण का शिकार ऑटो लेन-- शीर्षक से छपी खबर का असर हुआ है। अतिक्रमण और पार्किग की भेंट चढ़ी ऑटो लेन का उचित उपयोग कराने के लिए बुधवार को एसीपी ट्रैफिक विष्णुदयाल दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसीपी व अन्य पुलिसकर्मियों ने अग्रसेन चौक, सिविल अस्पताल व आगे के इलाके में बनाई गई ऑटो लेन से अतिक्रमण को हटवाया।

लेन में लगने वाली रेहड़ियों को यहां से हटवाया गया। रोड की बजाय ऑटो के लिए बनी लेन में ही सवारी ऑटो को चलवाया। यहां से गुजरने वाले सभी सवारी ऑटो चालकों को लेन में चलने के सख्त निर्देश दिए गए। ऐसा न करने पर कड़ी कार्रवाई की उन्हें चेतावनी दी गई।

एक घंटे मौके पर मौजूद रहे एसीपी : एसीपी ट्रैफिक विष्णुदयाल बुधवार सुबह 09:30 बजे इंस्पेक्टर सुनील कुमार, एसआई भीम सिंह समेत दर्जन भर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की टीम के साथ अग्रसेन चौक पहुंचे। यहां पहुंचते ही अपने वाहन खड़ा करने के बाद एसीपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ऑटो लेन में लगी रेहड़ियों व खड़े वाहनों को यहां से हटावाया। लेन को अतिक्रमण मुक्त कराने के बाद ऑटो चालकों को लेन में चलने के निर्देश दिए गए।

दो घंटे में काटे 60 ऑटो चालकों के चालान

करीब साढ़े 10 बजे एसीपी वहां से दूसरे इलाके में ट्रैफिक स्थिति का जायजा लेने निकल गए। लेकिन इंस्पेक्टर व एसआई समेत अन्य पुलिसकर्मी करीब दो घंटे तक वहीं मौजूद रहे। इस दौरान ऑटो चालकों को लेन में चलवाया गया। लेन में न चलने वाले ऑटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके चालान काटे गए। एसआई भीम सिंह ने बताया कि दो घंटे में करीब 60 ऑटो चालकों के चालान काटे गए।

पीक आवर्स में आधा दर्जन ट्रैफिक पुलिसकर्मी वहीं रहेंगे मौजूद : एसीपी

एसीपी ट्रैफिक विष्णुदयाल ने बताया कि सुबह और शाम पीक ऑवर्स के समय आधा दर्जन ट्रैफिक पुलिसकर्मी ऑटो लेन के पास मौजूद रहेंगे। ये पुलिसकर्मी सुनिश्चित करेंगे कि सवारी ऑटो सिर्फ ऑटो लेन में ही चलें। करीब 700 मीटर लंबी ऑटो लेन में बने सभी कटों पर पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे।

पेड़ व पोल काटने के लिए विभागों से किया जाएगा संपर्क

एसीपी ने बताया कि ऑटो लेन में एक बिजली का पोल व तीन पेड़ आते हैं। इसके चलते लेन के कुछ हिस्से में ऑटो नहीं चल सकते। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग और नगर निगम के अधिकारियों से संपर्क कर जल्द ही पेड व पोल को लेन से हटवाया जाएगा, जिसके बाद पूरी लेन में ऑटो चल सकेंगे।