गुड़गांव। आधार नंबर को कई सरकारी सुविधा के लिए मांग किए जाने के बाद लोगों में आधार कार्ड बनवाने के लिए आपा-धापी मची है। केंद्रों को सार्वजनिक नहीं किए जाने से सैकड़ों लोग जिला मुख्यालय पर पहुंच रहे हैं, लेकिन मुख्यालय के केंद्र में केवल एक कम्प्यूटर सिस्टम होने से कुछ ही लोगों का इनरोलमेंट हो पाता है। लोगों को बार-बार आधार केंद्र के चक्कर काटने पड़ते हैं। वहीं अधिकारियों का कहना है कि लोग जानकारी के अभाव में यहां पहुंचते हैं, जबकि जिलेभर में 32 केन्द्रों पर आधार कार्ड के लिए डाटा लिया जा रहा है।
केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा एलपीजी सब्सिडी, बेरोजगारी भत्ता सहित सभी पेंशन धारक व बीपीएल-एपीएल धारकों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आधार कार्ड की मांग किए जाने से लोगों में आधार बनवाने की उत्सुकता बढ़ी है। ऐसे में लोग आधार कार्ड के लिए लघु सचिवालय के चक्कर काट रहे हैं। लेकिन केंद्र काफी छोटा होने और लगातार लोगों की बढ़ती संख्या परेशानी का सबब बन रही है। वहीं अधिकारियों का दावा है कि मार्च तक जिले में सभी लोगों का आधार बनाया जाएगा।
लोगों से वसूले जा रहे हैं रुपए : केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा आधार कार्ड बनाए जाने का काम निशुल्क है। लेकिन लोगों का आरोप है कि उनसे इसके लिए 50 रुपए तक वसूले जा रहे हैं।
इस संबंध में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंजली धींगड़ा का कहना है कि अशुद्धि को सही कराने व दोबारा आधार डाउनलोड कराने के लिए क्रमश: 10 व 15 रुपए निश्चित किए गए हैं। इस सूचना को सार्वजनिक तौर पर केन्द्रों पर लगाया गया है।
ऐसे होगी परेशानी कम
आधार कार्ड बनवाने के लिए लोगों को चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। इस संबंध में आधार की नोडल ऑफिसर सिटी मजिस्ट्रेट डा. एकता चोपड़ा के अनुसार एक कॉलोनी व गांव में 10 से अधिक लोगों के आधार कार्ड बनवाने के लिए वे अपनी कॉलोनी व गांव में भी कैंप को बुला सकते हैं। इसके लिए साधारण कागज पर उनके ऑफिस में प्रार्थना पत्र जमा करवाएं, आधार के लिए कैम्प उनके गांव व कालोनी में लगाया जा सकता है। इसके अलावा शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में जिन लोगों का आधार के लिए इनरोल नहीं हो पाया है, या इनरोल किए जाने के बाद आधार कार्ड नहीं मिला है या फिर आधार में कोई भी अशुद्धि है तो इसके लिए भी वे जिला मुख्यालय स्थित सीटीएम ऑफिस में आ सकते हैं।
जिले में इन स्थानों पर लगे हैं कैम्प
एसडीएम ऑफिस पटौदी, मार्केट कमेटी कार्यालय हेलीमंडी, बीडीओ कार्यालय सोहना, वृद्धाश्रम मानेसर, लघु सचिवालय गुड़गांव, विकास सदन गुड़गांव, नगर निगम कार्यालय गुड़गांव, हंस इन्क्लेव में स्थायी रूप से आधार कार्ड के लिए इनरोल किया जा रहा है। इसके अलावा 25 केंद्र अस्थाई रूप से चल रहे हैं जो डिमांड के अनुसार अलग-अलग कॉलोनी व गांवों में लगाए जा रहे हैं।
(फोटो- नगर निगम कार्यालय में आधार कार्ड बनवाने के लिए लगी भीड़)