फरीदाबाद। सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने चुनाव प्रचार का आगाज रविवार को फरीदाबाद से किया। उन्होंने यहां कई जनसभाएं और रोड शो किए। इस दौरान उनके निशाने पर मुख्य रूप से मोदी सरकार थी। इनेलो पर भी उन्होंने खूब शब्दबाण चलाए। सीएम ने कहा मोदी सरकार को आम आदमी की कोई फिक्र नहीं है। डीजल के दाम, रेल का भाड़ा, कोयला, चीनी व गैस के दामों में ही नहीं बल्कि जीवन रक्षक दवाओं की कीमतों में भारी बढ़ोतरी करने से उसका चेहरा बेनकाब हो गया है। लोकसभा चुनाव के बाद जनता को अच्छे दिनों का वादा करने वाली भाजपा की ओर से जनता को महंगाई का एक और कड़वा घूंट पीना पड़ेगा। अब वह गैस सिलेंडर के दाम हर महीने 10 रुपए बढ़ाएगी। इसका फैसला मोदी मंत्रिमंडल कर चुका है। हरियाणा के चुनाव तक फाइल दबा कर रखी है।
भाजपा ने झूठे नारे लगाकर जनता को गुमराह किया
ओल्ड फरीदाबाद में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने महंगाई कम करने, काला धन वापस लाने और देश के स्वाभिमान को लेकर झूठे नारे लगाकर देश की जनता को गुमराह किया। हकीकत आज देश के सामने है। बीजेपी के खोखले दावों का गुब्बारा फूट चुका है, चीनी, आलू, प्याज, टमाटर के दाम आसमान छू रहे हैं। हद तो यह है कि किसानों के हितों की बात करने वाली भाजपा की मोदी सरकार ने धान का एक्सपोर्ट बंद कर दिया है, जिससे पिछले साल 5 हजार रुपए बिकने वाला धान इस बार मंडियों 2200 रुपए क्विंटल बिक रहा है। इसके बावजूद खाने के लिए चावल महंगा हो गया है।
चौटाला चाहें तो कैदियां की विधानसभा बणा सकै सै
जींद रैली मैं चौटाला के जेल में सीएम पद की शपथ लेने वाले बयान पर चुटकी लेते हुए सीएम ने कहा कि अब लोग झूठे झांसे में आने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा जेल में शपथ लेने के मामले में न्यायालय पहले ही अपना फैसला दे चुका है और
जयललिता सजा के बाद अब मुख्यमंत्री नहीं रही। हां ओमप्रकाश चौटाला चाहें तो कैदियां की विधानसभा बणा सकै सै।
गर्मी में लोगों का हाल बेहाल रहा
रविवार को छुट्टी का दिन होने के चलते नीमका गांव, तिगांव में भारी संख्या में लोग सीएम को सुनने के लिए जमा हुए। सीएम का 2 बजे कार्यक्रम होने के चलते लोगों को एक बजे ही खड़ा कर दिया गया। उमस भरी गर्मी के चलते लोगों का हाल बेहाल हो गया। लोग धूप से बचने के लिए इधर-उधर खड़े हो गए। करीब दो घंटे तक सीएम का बड़ी बेसब्री से इंतजार किया गया। इस दौरान सड़क पर वाहनों का बड़ा काफिला जमा हो गया।
फकीराबाद को हमने बनाया उज्ज्वल फरीदाबाद
सीएम ने कहा कि इनेलो व भाजपा शासन में फरीदाबाद की खस्ता हालत के चलते इस शहर को लोगों ने फकीराबाद कहना शुरू कर दिया था। उन्होंने कहा हजारों करोड़ के प्रोजेक्ट पूरे कर शहर को उज्जवल फरीदाबाद का रूप दिया। हुड्डा ने कहा, हमने मैट्रो रेल जैसे प्रोजेक्ट पर ही 2500 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। जवाहरलाल नेहरू शहरी नवीनीकरण योजना के तहत 3 हजार करोड़ रुपए फरीदाबाद शहर काे
खूबसूरत बनाने के लिए खर्च किए। बदरपुर फ्लाईओवर का निर्माण करा कर शहर को भीड़भाड़ से मुक्त किया। वाईएमसीए विश्वविद्यालय व मेडिकल कॉलेज का निर्माण कर विकास की मजबूत नींव हमने रखी है। पूरे प्रदेश में उद्योगों के अनुकूल माहौल बनाया। और मोदी है कि यहां के उद्योगों को गुजरात ले जाने के फिराक में हैं।
रोड शो निकाल मांगे कांग्रेस के लिए वोट
सीएम ने तिगांव विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस कैंडीडेट ललित नागर, ओल्ड फरीदाबाद से आनंद कौशिक, एनआईटी से गुलशन बग्गा, बड़खल से महेंद्र प्रताप सिंह, बल्लभगढ़ से लखन सिंगला के समर्थन में रोड शो और जनसभाएं की। इस दौरान उन्होंने तीसरी बार कांग्रेस की सरकार बनाने का आह्वान जनता से किया।